सेनाध्यक्ष ने कहा पाक को मिल रहा है करारा जवाब
जम्मू। पाकिस्तान की ओर से लगातार जारी फायरिंग के बीच सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने कहा है कि भारतीय सेना और सुरक्षाबलों की ओर से जम्मू और कश्मीर सीमा पर करारा जवाब पाक को दिया जा रहा है।

जनरल सुहाग की यह टिप्पणी उस समय आई है जब पाक की ओर से भारत की 50 पोस्टों पर निशाना साधा गया और करीब तीन दर्जन गांवों पर मोर्टार से फायरिंग की गई।
पाक को दे दिया गया संदेश
जम्मू और कश्मीर में 192 किमी इंटरनेशनल बॉर्डर पर मंगलवार पूरी रात पाक की ओर से गोलियां बरसाई गई हैं। वहीं सूत्रों की मानें तो सरकार की ओर से भी सेनाओं को आदेश जारी कर दिए गए हैं कि वह पाक की हर फायरिंग का जवाब दें और तगड़ा जवाब दें।
साथ ही भारत सरकार की ओर से पाकिस्तान को साफ संदेश दिया जा चुका है कि जब तक सीमा पर गोलीबारी बंद नहीं होगी तब तक पाक के साथ कोई भी बातचीत नहीं हो सकती है। आपको बता दें कि रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने मंगलवार को सेना, वायुसेना और नौसेना प्रमुख के साथ एक इमरजेंसी मीटिंग की थी।
पाक रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग
पाक से निबटने की रणनीति बनाने के लिए आज गृह मंत्रालय की ओर से बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच एक फ्लैग मीटिंग बुलाई गई है। बुधवार को पाक की ओर से ताजा फायरिंग की गई और इस फायरिंग में पाक रेंजर्स की ओर से जम्मू के सांबा और कठुआ के इलाकों में फायरिंग हुई है।
इस फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई है और करीब 20 लोग घायल हो गए हैं।
पाक की ओर से अब तक हुई फायरिंग में मरने वाले लोगों की संख्या अब सात हो गई है और 70 लोग घायल हैं। एक अक्टूबर से जारी फायरिंग में अब तक 16,000 लोगों को सुरक्षित इलाकों में विस्थापित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications