आर्मी चीफ की चेतावनी, पाकिस्तान हरकतों से बाज आए नहीं तो दूसरे विकल्प भी खुले हैं
श्रीनगर। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने एक बार फिर पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वह अपनी हरकतों से बाज आए वरना भारतीय सेना अन्य दूसरे एक्शन भी ले सकती है। शनिवार को पाकिस्तान को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि, अगर इस्लामाबाद सीमा पार से आतंकवाद को समर्थन देना जारी रखता है तो भारतीय सेना के पास कार्रवाई के दूसरे विकल्प खुले हुए हैं। आर्मी चीफ ने कहा कि पाकिस्तान के आतंक फैलाने वाले मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। पाकिस्तान भी यह बात जानता है। पाकिस्तान कश्मीर के विकास को रोकना चाहता है। लेकिन भारत सरकार और सेना उसे कामयाब नहीं होने देगी।

भारत अपनी जमीन की रक्षा को पूरी तरह से सक्षम है
इन्फैंट्री डे के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में ने पत्रकारों से बात करते हुए सेनाध्यक्ष ने कहा कि, पाकिस्तान को यह अच्छी तरह पता है कि वह कभी अपने इरादों में सफल नहीं हो सकता इसलिए वह आतंक के माध्यम से उकसावे वाली कार्रवाई करता है। वे कश्मीर में विकास को अवरूद्ध करना चाहते हैं लेकिन भारतीय राज्य हर चीज का मुकाबला करने में समर्थ है। हम पूरी तरह से विभिन्न विकल्पों के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जमीन की रक्षा को पूरी तरह से सक्षम है। कोई भी ताकत से या किसी भी अन्य तरीके से भारत के किसी भी हिस्से को कोई देश नहीं छीन सकता है।

2016 जैसी कार्रवाई कर सकती है सेना
हालांकि आर्मा चीफ ने इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया कि वह किस तरह के संभावित एक्शन की बात कर रहे हैं। आपको बता दें कि सितंबर 2016 में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा कश्मीर के उरी में सेना के कैंप पर फिदायीन हमले के बाद भारत ने एलओसी पार कर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। सेना ने 28 सितंबर 2016 को एलओसी के उस पार जाकर आतंकियों के कई लॉन्च पैडों को तबाह कर दिया था, जिसमें कई आतंकवादी मारे गए थे।

भारत से कश्मीर कोई नहीं छीन सकता है
बिपिन रावत ने पाकिस्तान को जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने और उकसाने की कार्रवाई से बाज आने को कहा। पाकिस्तान द्वारा सीमा पार से आतंकवाद को सहयोग देने पर सेना प्रमुख ने कहा कि, 1971 की जंग में अपनी करारी शिकस्त का बदला लेने के लिए पड़ोसी देश 'छद्म युद्ध' का सहारा ले रहा है। पाकिस्तान का मकसद छद्म युद्ध के जरिए भारतीय सेना को उलझाए रखना है। लेकिन मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि भारतीय सेना भारतीय राज्य जम्मू और कश्मीर को देश का हिस्सा बनाए रखना सुनिश्चित करने में सक्षम है। कोई भी अन्य इसे ताकत या किसी अन्य तरीकों से हमसे नहीं छीन सकता क्योंकि कानूनी तौर पर जम्मू और कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।












Click it and Unblock the Notifications