Rupali Ganguly: भाजपा में शामिल हुईं अनुपमा, क्या लोकसभा चुनाव लड़ेंगी रुपाली गांगुली?
Anupama Rupali Ganguly join BJP: भारतीय टेलीविजन की दिग्गज एक्ट्रेस अनुपमा फेम रुपाली गांगुली भारतीय जनता पार्टी (BJP) में बुधवार (01 मई) को शामिल हो गई हैं। लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान रुपाली गांगुली के भाजपा में शामिल होने से उनकी लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
रुपाली गांगुली ने भाजपा की सदस्यता लेने के बाद मीडिया से कहा कि, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बताए रास्ते पर चलकर देश की सेवा करना चाहती हैं। रुपाली गांगुली फिलहाल लीडिंग टीवी शो 'अनुपमा' की लीड एक्ट्रेस हैं। शो में उनके किरदार का नाम भी 'अनुपमा' है।

रुपाली गांगुली ने कहा-मैं मोदी जी के बताए रास्ते पर चलना चाहती हूं
भाजपा में शामिल होने के बाद रुपाली गांगुली ने कहास 'महाकाल और मातारानी का आशीर्वाद है कि मैं अपनी कला के माध्यम से कई सारे लोगों से मिलती हूं और जब मैं यह विकास का महायज्ञ देखती हूं तो मुझे लगता है कि क्यों ना मैं भी इसमें सहभागी बनूं। मैं यहां (बीजेपी) पर आ गई हूं कि मैं किसी तरह से मोदी जी के बताए रास्ते पर चलूं।'
PM मोदी की फैन हैं रुपाली गांगुली
टेलीविजन स्टार रुपाली गांगुली ने कहा, ''मैं यहां (दिल्ली) आकर बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे बहुत प्रभावित किया है। मैं पीएम मोदी की बहुत बड़ी फैन हूं। भाजपा बहुत अच्छा काम कर रही है और इसलिए मैं भाजपा में शामिल होना चाहती थी। मैं पार्टी का बहुत आभारी हूं।''
क्या लोकसभा चुनाव लड़ेंगी रुपाली गांगुली?
रुपाली गांगुली ने भाजपा की सदस्यता विनोद तावड़े और अनिल बलूनी की मौजूदगी में दिल्ली में ली है। रुपाली गांगुली ने अपने राजनीतिक करियर की घोषणा तो कर दी है लेकिन उन्होंने अभी तक पुष्टि नहीं की है कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव में लड़ेंगी या नहीं। इस साल रुपाली गांगुली के अलावा कंगना रनौत और अरुण गोविल भी भाजपा में शामिल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications