ओडिशा फिर शर्मसार: विधवा की लाश को कमर से तोड़ा फिर बांस पर लटकाकर ले गए
भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार दूसरे दिन भी इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आयी है। इतना ही नहीं इस तस्वीर ने स्थानीय शासन-प्रशासन को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।

बालासोर में अस्पताल कर्मचारियों की एक तस्वीर सामने आई है जिसमें वो एक औरत की लाश को बांस पर लटकाकर ले जा रहे हैं। सन्न कर देने वाली बात यह है कि कपड़े में लपेटने के लिए कर्मचारियों को औरत की लाश की हड्डियों को पहले कमर से तोड़ना पड़ा।
क्या है पूरा मामला?
बुधवार की सुबह ओडिशा के बालासोर में स्थित सोरो रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से 80 साल की विधवा सालामनी बेहेरा की मौत हो गई। जिसके बाद उनकी लाश को सोरो कम्यूनिटी सेंटर ले जाया गया। सूचना मिलने के 12 घंटे बाद जब पुलिस पहुंची तो पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लेकिन पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के लिए एम्बूलेंस की उचित व्यवस्था नहीं की गई। लाश को पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाने के लिए कम्यूनिटी सेंटर के कर्मचारियों ने वृद्धा के लाश की हड्डियों को पहले तो कमर से तोड़ दिया फिर उसे कपड़े में लपेटा और बांस पर टांगकर ले गए।
एक दिन पहले भी आई थी कुछ ऐसी ही तस्वीर
इस तस्वीर के सामने आने के ठीक एक दिन पहले भी ऐसी ही तस्वीर सामने आयी थी। पैसे की कमी और अस्पताल प्रशासन की उदासीनता के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की लाश कंधो पर उठाकर करीब 12 किमी तक का सफर पैदल तय किया था। मामला कालाहांडी का था।












Click it and Unblock the Notifications