कोलकाता से वॉल स्ट्रीट तक! Elon Musk के बाद दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा कमाने वाले CEO Shankh Mitra कौन?
Who Is Shankh Mitra: भारत का नाम आज दुनिया के हर बड़े बिजनेस मंच पर सुनाई देता है। कभी सत्य नडेला, सुंदर पिचाई और निकेश अरोड़ा जैसी हस्तियां चर्चा में रहती हैं, तो अब एक और भारतीय मूल के प्रोफेशनल ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अमेरिकी हेल्थकेयर रियल एस्टेट कंपनी वेलटावर (Welltower) के CEO शंख मित्रा साल 2025 में दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले CEO बन गए हैं। यह सिर्फ उनकी सफलता नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा कमाने वाले CEO बने शंख मित्रा
वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की 2025 की कॉर्पोरेट रिपोर्ट के मुताबिक, शंख मित्रा का कुल कंपनसेशन पैकेज 821 मिलियन डॉलर (करीब 7,000 करोड़ रुपये) रहा। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ एलन मस्क हैं, जिन्हें 158 बिलियन डॉलर का पैकेज मिला। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 में 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा वाले CEO पैकेजों की संख्या साल 2021 के बाद सबसे ज्यादा रही। यह दिखाता है कि दुनिया की बड़ी कंपनियां बेहतर प्रदर्शन करने वाले लीडर्स को रिकॉर्ड स्तर का इनाम दे रही हैं।

कोलकाता से शुरू हुआ सफर
शंख मित्रा की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। उनका सफर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से शुरू हुआ। उन्होंने जादवपुर यूनिवर्सिटी से इंस्ट्रूमेंटेशन एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीई की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने अमेरिका जाकर कोलंबिया बिजनेस स्कूल से Applied Value Investing में MBA किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट सेक्टर में काम शुरू किया और धीरे-धीरे अपनी मेहनत के दम पर वॉल स्ट्रीट में मजबूत पहचान बना ली।
बड़ी कंपनियों का एक्सपीरियंस बना सफलता की नींव
वेलटावर में आने से पहले शंख मित्रा ने दुनिया की दिग्गज निवेश कंपनियों Citadel LLC और Millennium Management में काम किया। यहां उन्होंने रियल एस्टेट निवेश और बड़े फंड मैनेजमेंट में शानदार एक्सपीरियंस और एक्सपर्टीज हासिल की। साल 2016 में वह Welltower से जुड़े, 2018 में Chief Investment Officer (CIO) बने और शानदार प्रदर्शन के बाद 2020 में कंपनी ने उन्हें CEO की जिम्मेदारी सौंप दी।
821 मिलियन डॉलर का पैकेज, लेकिन इसके पीछे हैं कड़ी शर्तें
इतना बड़ा पैकेज सुनकर लगता है कि पूरी रकम सीधे बैंक खाते में चली गई होगी, लेकिन हकीकत अलग है। शंख मित्रा के 821 मिलियन डॉलर के पैकेज में से करीब 789 मिलियन डॉलर कंपनी के शेयरों के रूप में दिए गए। अक्टूबर 2025 में मिले इन शेयरों की कीमत साल के आखिर तक बढ़कर 1 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा हो गई।
हालांकि, यह पैसा उन्हें तुरंत नहीं मिलेगा। पैकेज की शर्तों के मुताबिक, स्टॉक अवॉर्ड का करीब आधा हिस्सा उन्हें 2031 में तभी मिलेगा, जब वह तब तक कंपनी के साथ जुड़े रहेंगे। बाकी शेयर तभी मिलेंगे, जब अगले 5 सालों में Welltower का मार्केट वैल्यू कम से कम 45% बढ़ेगा और कंपनी अपने कॉम्प्टीटर्स से बेहतर प्रदर्शन करेगी।
भारतीय टैलेंट का दुनिया में बढ़ता दबदबा
इस सूची में एक और भारतीय मूल के दिग्गज निकेश अरोड़ा भी शामिल हैं। Palo Alto Networks के CEO निकेश अरोड़ा करीब 100 मिलियन डॉलर के पैकेज के साथ दुनिया के सबसे ज्यादा कमाने वाले अधिकारियों में जगह बनाने में सफल रहे। यह बताता है कि भारतीय प्रोफेशनल्स सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों की कमान भी संभाल रहे हैं।
आपकी इस खबर पर क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।














Click it and Unblock the Notifications