तो क्या केजरीवाल के खिलाफ आंदोलन करेंगे अन्ना हजारे?
नई दिल्ली। कभी अरविंद केजरीवाल के साथ जनलोकपाल बिल के मुद्दे पर आंदोलन करने वाले अन्ना हजारे अब उनके खिलाफ ही सड़क पर उतरने की धमकी दी है।

केजरीवाल को अन्ना की धमकी
अन्ना हजारे ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मंत्रियों पर लग रहे आरोप अगर सही साबित हुए तो वह उनके खिलाफ भी आंदोलन के लिए सड़क पर उतर सकते हैं।
महाराष्ट्र के अपने गांव रालेगण सिद्धी में अन्ना हजारे ने कहा कि उन्हें अरविंद केजरीवाल पर पूरा भरोसा है। लेकिन उन्होंने जिन लोगों को अपनी पार्टी में लेकर सत्ता हासिल की है, वही लोग उनकी प्रतिष्ठा को दांव पर लगा रहे हैं।
अन्ना हजारे ने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल एक बार फिर से लोगों के विश्वास हासिल करना चाहते हैं तो उन्हें सत्ता का मोह छोड़कर फिर से देश की सेवा में लग जाना चाहिए।
केजरीवाल अच्छे, उनके पार्टी में शामिल लोग नहीं: अन्ना
अन्ना हजारे ने कहा कि केजरीवाल की आम आदमी पार्टी पंजाब चुनाव में उतरने की योजना बना रही है लेकिन जनता ताजा हालात को ध्यान में रखते हुए वोट करेगी। ऐसे में आम आदमी पार्टी को इस बात ध्यान रखना होगा।
बता दें कि हाल ही आम आदमी पार्टी के ही एक विधायक ने पंजाब चुनाव में टिकट के बदले महिलाओं के शोषण का आरोप लगाते हुए पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा था। अन्ना हजारे ने ऐसी खबरों को लेकर दुख जताया है।
गांधीवादी नेता अन्ना हजारे ने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी में अच्छे लोगों को शामिल करते तो उन्हें आज सामने आ रही समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता। हालांकि उन्होंने ये जरूर कहा कि मुझे उम्मीद है कि अरविंद केजरीवाल अच्छे इंसान हैं और वह कुछ अच्छा जरूर करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications