आंध्र: काजू बागानों को तबाह कर रही कंपनियां, आदिवासी महिलाओं ने गले में फंदा लगाकर किया प्रदर्शन
अमरावती, 8 अप्रैल: आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ले जिले में आदिवासी महिलाओं ने खनन कंपनियों के काजू बागानों को नष्ट किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया है। आदिवासी महिला किसानों ने इन बागानों को अपनी जीविका बताते हुए गले में फंदे डालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के जरिए उन्होंने दर्शाया कि काजू के बागानों को नष्ट करना उनको फांसी दिए जाने के समान है। अनाकापल्ले जिले के मदुगुला मंडल में आदिवासियों ने खनन कंपनियों के विरोध में ये प्रदर्शन किया है।

अनाकापल्ली जिले के मदुगुला में आदिवासी महिलाएं लगातार धरना प्रदर्शन कर रही हैं। अपनी सुनवाई ना होते देख शुक्रवार को इन महिलाओं ने काजू के बागानों में साड़ी को पेड़ से बांधते हुए उसका फंदा बनाकर गले में लगाते हुए प्रदर्शन किया। आदिवासी किसानों का कहना है कि खनन कंपनियां उनकी काजू की खेती नष्ट कर रही हैं, जिसकी लगातार शिकायत की गई लेकिन शासन-प्रशासन उनकी सुनने को तैयार नहीं है।
महिला किसानों का कहना है कि काजू बागान उनकी रोजी-रोटी का साधन हैं। इनको नष्ट कर दिया जाएगा तो वो भूखे मर जाएंगे। ऐसे में सरकार से उनकी अपील है कि बड़ी-बड़ी खनन कंपनियों को क्षेत्र को बर्बाद करने की इजाजत ना दी जाए। आदिवासी महिलाओं ने प्रदर्शन को आगे भी जारी रखते हुए 11 अप्रैल को अनाकापल्ली कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications