Breaking News: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में त्रासदी, वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़, 10 की मौत, कई घायल
Venkateswara Swamy Temple Stampede: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कासीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर ( (तिरुमाला मंदिर या तिरुपति बालाजी मंदिर) में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दर्शन के दौरान भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंदिर में अचानक भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई, जिससे यह हादसा हुआ। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

एकादशी के मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। भीड़ बढ़ने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
श्रीकाकुलम में त्रासदी पर क्या बोले सीएम चंद्रबाबू नायडू?
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के आदेश दिए हैं।
वेंकटेश्वर मंदिर हादसा: मंत्री नारा लोकेश बोले- प्रभावितों की मदद के दिए निर्देश
नारा लोकेश ने वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, "काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मौत से हम गहरे सदमे में हैं। एकादशी के इस पवित्र दिन पर ऐसी त्रासदी बेहद दुखद है।"
नारा लोकेश ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "मैं मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। सरकार घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मैंने संबंधित अधिकारियों, जिले के मंत्री अच्चेन्नायडू और स्थानीय विधायक गौथु शिरीश से बातचीत की और राहत कार्यों की समीक्षा की।"












Click it and Unblock the Notifications