आंध्र प्रदेश: अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराई कार, 6 माह की बच्ची समेत पांच की मौत
नई दिल्ली, 13 मार्च: आंध्र प्रदेश में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक कार पुलिया से जा टकराई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक 6 माह की बच्ची भी शामिल है। इसके अलावा एक शख्स की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसको पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक एक परिवार के लोग जंगारेड्डीगुडेम से एक समारोह में हिस्सा लेने हैदराबाद जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार कृष्णा जिले में जग्गैयापेट के पास अनियंत्रित होकर एक पुलिया से जा टकराई। कार की रफ्तार ज्यादा थी, जिस वजह से आगे वाले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद ही चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो गंभीर रूप से घायल थे। जब तक उनको अस्पताल भेजा गया, तब तक एक घायल ने दम तोड़ दिया। ऐसे में मृतकों की संख्या अब 5 हो गई है। जिसमें एक बच्ची भी शामिल है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उनकी टीम और नेशनल हाईवे की टीम घटना के कुछ देर बाद वहां पहुंच गई थी। इसके बाद घायलों को जग्गैयापेट सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कार की रफ्तार ज्यादा थी। ऐसे में हो सकता है कि ड्राइवर का कंट्रोल बिगड़ गया हो और कार पुलिया से जा टकराई। फिलहाल उनकी ओर से मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications