Andhra Pradesh News: 'चंद्रबाबू नायडू की जान को खतरा, संक्रमण से जूझ रहे', बेटे नारा लोकेश का आरोप
राजमुंदरी सेंट्रल जेल में बंद आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की जान को खतरा है। यह दावा उनके बेटे टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने शुक्रवार को किया। नारा लोकेश ने पिता की सुरक्षा और स्वास्थ्य के बारे में चिंता व्यक्त की है। लोकेश ने आरोप लगाया कि नायडू की जान को खतरा है। आपको बता दें कि नायडू को कौशल विकास निगम से कथित तौर पर 300 करोड़ रुपये से अधिक के भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
एक्स(पूर्व में ट्विटर) पर लोकेश ने चंद्रबाबू नायडू के स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया और आरोप लगाया कि चंद्रबाबू नायडू के जीवन के लिए एक निर्विवाद और तत्काल खतरा है। उन्हें जानबूझकर नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उनकी सुरक्षा निर्विवाद रूप से खतरे में है।

'पिता संक्रमण और एलर्जी से लड़ रहे हैं'
इसके अलावा, नारा लोकेश ने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नायडू का वजन कम हो गया है और वह राजमुंदरी सेंट्रल जेल में समय पर चिकित्सा सहायता की कमी के कारण संक्रमण और एलर्जी से पीड़ित हैं। नायडू एक गंभीर स्थिति का सामना कर रहे हैं। समय पर चिकित्सा सहायता के बिना, मच्छरों, दूषित पानी, वजन घटाने, संक्रमण और एलर्जी से लड़ रहे हैं। जीओएपी (आंध्र प्रदेश सरकार) उन्हें स्टेरॉयड देने की कोशिश कर रही है।
ऐसा क्या है जिसे सरकारी डॉक्टर और प्रशासन छुपाना चाह रहे हैं?
नारा लोकेश ने मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी को टैग करते हुए कहा कि अगर नायडू को कोई नुकसान होता है तो जगन जिम्मेदार होंगे। इसी तरह की चिंताएं नायडू की पत्नी नारा भुवनेश्वरी ने भी व्यक्त कीं। जिन्होंने कहा कि वह अपने पति की भलाई को लेकर बहुत चिंतित हैं। क्योंकि आंध्र प्रदेश सरकार कथित तौर पर समय पर चिकित्सा देखभाल प्रदान करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि नायडू का वजन पहले ही 5 किलोग्राम कम हो चुका है, और आगे वजन घटाने से उनकी किडनी पर गंभीर प्रभाव हो सकते हैं। पानी की टंकियां अस्वच्छ हैं और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं। ये गंभीर परिस्थितियां मेरे पति के जीवन के लिए स्पष्ट और तत्काल खतरा पैदा करती हैं। नायडू की बहू ब्राह्मणी नारा ने आरोप लगाया कि चंद्रबाबू नायडू को अपर्याप्त और अस्वच्छ जेल स्थितियों में हिरासत में लिया गया था, जिससे उनके स्वास्थ्य को काफी खतरा था।












Click it and Unblock the Notifications