आंध्र प्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन को दोगुना किया
अमरावती। आंध्र प्रदेश की सरकार ने बुजुर्गों को मिलने वाली पेंशन को दोगुना कर दिया है। अब तक राज्य में बुजुर्गों को 1000 रुपए पेंशन मिल रही थी, जिसे बढ़ाकर 2000 रुपए किया गया है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बताया है कि वृद्धावस्था पेंशन की बढ़ी हुई राशि का लाभ जनवरी से मिलेगा।

हाल ही में मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेलुगु देशम पार्टी ने बेरोजगार ब्राह्मण युवाओं को कार देने का भी ऐलान किया है। नायडू 4 जनवरी को अमरावती में अपने कार्यालय पर ब्राह्मण युवाओं को 30 स्विफ्ट डिजायर कारों की चांबी सौंप चुके हैं।
आंध्र प्रदेश सरकार की योजना के अनुसार, ब्राह्मण वेलफेयर कॉर्पोरेशन दो लाख रुपये की सब्सिडी देगा और लाभार्थी को गाड़ी की कीमत की 10 फीसदी रकम देनी होगी। बाकी की रकम आंध्र प्रदेश ब्राह्मण कॉपरेटिव क्रेडिट सोसायटी वहन करेगी। इस योजना के तहत पहले चरण में निगम ने 50 कारों को मंजूरी दी है।
आंध्र प्रदेश की टीडीपी सरकार ने एक जनवरी को वित्तीय और आर्थिक विकास दर पर एक श्वेत पत्र जारी किया था। इसमें नायडू ने राज्य के हर परिवार को फ्री स्मार्टफोन देने की भी घोषणा की है। सरकार की तरफ से कहा गया है कि स्मार्ट फोन के जरिए सूबे के लोगों का जीवन स्तर बेहतर और आसान होगा।












Click it and Unblock the Notifications