आंध्र प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष की बड़ी कार्रवाई, 14 टीडीपी और 2 वाईएसआरसीपी के बागी विधायकों को किया निलंबित
आंध्र प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष तम्मिनेनी सीताराम ने 14 टीडीपी और 2 वाईएसआरसीपी के बागी विधायकों को निलंबित कर दिया। उनमें से दो, अनागनी सत्य प्रसाद, पय्यावुला केशव और वाईएसआरसीपी के बागी विधायक कोटारेड्डी श्रीधर रेड्डी को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है, जबकि अन्य को पूरे दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है।
टीडीपी विधायक बोले- स्पीकर पूरी तरह से पक्षपाती
टीडीपी नेताओं के निलंबन पर टीडीपी विधायक अंगनी सत्य प्रसाद ने कहा कि आज विधानसभा में हम अपने नेता चंद्रबाबू नायडू की अलोकतांत्रिक गिरफ्तारी के बारे में पूछ रहे थे। हम सभी मामलों को वापस लेने के लिए लड़ रहे हैं क्योंकि वे अवैध हैं और साथ ही सीआईडी और एसीबी द्वारा बताए गए पैसे के बारे में कोई सुराग नहीं है। स्पीकर पूरी तरह से पक्षपाती हैं और उन्होंने हमारी दलील भी नहीं सुनी।

चंद्रबाबू नायडू को रिहा करने की मांग कर रहे थे सभी विधायक
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को रिहा करने की मांग को लेकर विपक्षी दल तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के विधायक जोरदार नारेबाजी कर रहे थे। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही टीडीपी के विधायकों ने तख्तियां लिए आसन के पास पहुंच गए और अध्यक्ष को घेर लिया। अध्यक्ष ने तेदेपा विधायकों से अपनी सीट पर जाने और प्रश्न काल चलने देने का अनुरोध किया। विपक्षी दल के करीब 12 विधायकों ने अध्यक्ष के आसन के समीप खड़े होकर और काली तख्तियां लिए नारे लगाए जबकि तेदेपा के प्रदेश अध्यक्ष किंजारापु अत्चेननायडू अपनी सीट पर बैठे हुए थे।
चंद्र बाबू नायडू को अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया: टीडीपी विधायक
टीडीपी नेताओं के निलंबन पर टीडीपी विधायक नंदमुरी बालकृष्ण ने कहा कि विधानसभा में न्याय मांगने पर टीडीपी विधायकों को निलंबित करना अलोकतांत्रिक है। स्पीकर होने के नाते उन्होंने मुझे चेतावनी देते हुए पूरी टॉलीवुड इंडस्ट्री की आलोचना की थी। विधानसभा में हंगामा वाईएसआरसीपी ने शुरू किया था। हम न्याय के लिए लड़ रहे हैं। चंद्र बाबू नायडू को अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया था। हमने स्पीकर से चंद्र बाबू नायडू की अवैध गिरफ्तारी पर चर्चा करने का अनुरोध किया। हम किसी भी मामले से नहीं डरते।












Click it and Unblock the Notifications