EVM खराब होने पर भड़के नायडू ने EC को लिखी चिट्ठी, की पुनर्मतदान की मांग
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव के लिए भी गुरुवार को मतदान हो रहा है। इस मतदान के दौरान कई स्थानों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत आई जिसके बाद मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। ईवीएम में आई खराबी की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का बयान आया है। उन्होंने ईवीएम में खराबी को चुनाव आयोग की विफलता बताई है और दोबारा मतदान की मांग की है।

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि संभवतया ऐसे कई मतदाता जो मतदान के लिए वापस नहीं आएंगे, भले ही मौजूदा ईवीएम के ठीक कर या बदलने के बाद मतदान फिर से शुरू हो जाए। ऐसे सभी मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान की आवश्यकता है, जहां 9.30 बजे तक मतदान शुरू नहीं हुआ था। इस बाबत उन्होंने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर शिकायत की है कि 30 प्रतिशत ईवीएम सुबह 10 बजे तक काम नहीं कर रहे थे।
सीएम नायडू ने कहा, 'मैं ईवीएम की जगह बैलेट पेपर के इस्तेमाल की वकालत करता रहा हूं लेकिन चुनाव आयोग ने हमारी बात नहीं सुनी। कम से कम अब, बैलट पेपर से चुनाव कराने पर चुनाव आयोग को पुनर्विचार करना चाहिए। आंध्र प्रदेश के लगभग सभी जिलों में ईवीएम में तकनीकी खराबी की खबरें आई हैं। इस कारण अनंतपुर, गुंटूर, कडप्पा और कुरनूल में कई स्थानों पर सुबह 9 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका था।
नायडू ने इसपर चुनाव आयोग को पत्र लिखकर उन स्थानों पर दोबारा मतदान कराने की मांग की है जहां सुबह साढ़े 9 बजे तक मतदान शुरू नहीं हो सका था। गुरुवार सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों और सभी 175 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है।
पढ़ें लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज












Click it and Unblock the Notifications