'दादा' ने कर दिया कमाल, ट्रक को बदला चलते-फिरते मैरिज हॉल में, 200 मेहमानों के बैठने की भी व्यवस्था
नई दिल्ली, 26 सितंबर: देश के दिग्गज उद्योगपति और महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी के चेयरमैन आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट को लेकर काफी सुर्खियों में रहते हैं। उनकी ओर से किया गया पोस्ट लाखों यूजर्स को भी सोचने पर मजबूर कर देता है। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले आनंद महिंद्रा ज्यादातर मोटिवेशनल और इनोवेटिव पोस्ट साझा करते हैं। इस बार उन्होंने चलते-फिरते मैरिज हॉल की वीडियो पोस्ट करते हुए इसे बनाने वाले से मिलने की भी हसरत जाहिर की है।
Recommended Video

आज तक नहीं देखा होगा ऐसा मैरिज हॉल
भारत में दिमागदारों की कमी नहीं है। इसके कई उदाहरण आपको सड़क पर चलते हुए मिल जाएंगे। चाहे गांवों में चलने वाली देसी जुगाड़ गाड़ी हो या फिर साइकिल से चारा काटने की मशीन ऐसे दर्जनों चीजें आपको ये कहने पर मजबूर कर देंगी कि यह तो हमारे देश में भी संभव हैं। हाल ही में एक शादी में गर्मी के बीच थ्रेसर मशीन का कूलर बनाकर बारातियों के स्वागत का वीडियो जमकर वायरल हुआ था। वहीं अब आपको ऐसा मैरिज हॉल देखने को मिलेगा, जिसको आपकी मर्जी के मुताबिक कहीं भी सेट किया जा सकता है।

आनंद्र महिंद्रा भी हुए कायल
आनंद्र महिंद्रा की ओर से किया गया वीडियो ट्वीट देखने के बाद आप भी इसकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाएंगे। उन्होंने मोबाइल मैरिज हॉल का वीडियो पोस्ट किया है,जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक बड़ा ट्रक सड़क पर आता है और फिर देखते ही देखते शानदार मैरिज हॉल में बदल जाता है।

आनंद महिंद्रा ने जताई ये इच्छा
इस वीडियो को पोस्ट करते हुए आनंद महिंद्रा ने लिखा कि मैं इस प्रोडक्ट की अवधारणा (conception) और डिजाइन के पीछे के व्यक्ति से मिलना चाहता हूं। बहुत क्रिएटिव और विचारशील। ना सिर्फ दूरदराज के क्षेत्रों को एक सुविधा मुहैया करता है, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी है, क्योंकि यह जनसंख्या घने देश में स्थायी स्थान नहीं लेता है।

200 मेहमानों के बैठने की जगह
वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक ट्रक दिखाया गया है, जिसे 40x30 वर्ग फुट के हॉल में बदला जा सकता है। एक स्टेज के अलावा, मैरिज हॉल में फर्नीचर के साथ लगभग 200 मेहमानों के बैठने की जगह भी है। कॉन्सेप्ट में ग्राहकों का भरोसा जगाने के लिए वीडियो में पोर्टेबल वेडिंग हॉल के अंदर होने वाले कार्यक्रमों को भी दिखाया गया है। इस वीडियो को अब तक 8 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications