अमिताभ-अभिषेक की हेल्थ को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने दिया ये बयान
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश तोपे ने अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के जल्द से जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन दोनों का एंटिजेंट टेस्ट कराया गया है और यह पॉजिटिव आया है। परिवार के अन्य सदस्यों जया बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन का भी कोरोना टेस्ट कराया गया है और इसकी रिपोर्ट कल आएगी।
Recommended Video

हालत स्थिर
वहीं खबरों के मुताबिक अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि अमिताभ को हल्का संक्रमण है, उनकी सेहत ठीक है, उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं है, डॉक्टर्स बिग बी की सेहत पर नजर बनाए हुए हैं, अमिताभ बच्चन को कोरोना के बेहद कम लक्षण हैं, उन्होंने शुरुआती लक्षण नजर आते ही अपना कोरोना टेस्ट करा लिया है, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनके और टेस्ट हो रहे हैं। मालूम हो कि नानावटी अस्पताल मुंबई के बड़े और मशहूर अस्पताल में से एक है, और वो पहले भी अपना कई बार चेकअप यहां करा चुके हैं।
खुद बिग बी ने दी थी जानकारी
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन ने खुद शनिवार को अपने कोरोना पॉजिटिव होने की खबर सोशल मीडिया के जरिए दी थी। बिग बी ने ट्ववीट किया कि मेरा कोरोना का टेस्ट पॉजिटिव आया है.. मुझे अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है.. अस्पताल अधिकारियों को सूचित कर रहा है .. परिवार और कर्मचारियों का भी परीक्षण हुआ हैं, परिणाम की प्रतीक्षा की जा रही हैं। पिछले 10 दिनों में मेरे साथ जुड़े सभी लोगों से अनुरोध है कि कृपया अपनी जांच करा लें।
हर किसी ने जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की
अमिताभ के संक्रमण की खबर पर बीजेपी के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम सब आपके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं, आप जल्द स्वस्थ हो जाएं अमिताभ बच्चन जी, शिवसेना की राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि मेरी कामना है कि आप जल्द स्वस्थ हों, तो वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महानायक अमिताभ बच्चन जी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला. ईश्वर आपको शीघ्र स्वस्थ करें और पुन: उसी ऊर्जा के साथ अपने काम में डट जाएं, हम सबकी शुभकामनाएं आपके साथ हैं।












Click it and Unblock the Notifications