काले कपड़ों में कांग्रेस के प्रोटेस्ट पर अमित शाह ने उठाए सवाल, कहा-राम मंदिर के विरोध में किया प्रदर्शन
नई दिल्ली, 05 अगस्त: कांग्रेस पार्टी ने आज देशभर में महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्श पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया कि, पार्टी ने ये विरोध प्रदर्शन महंगाई या फिर बेरोजगारी के खिलाफ नहीं किया है, बल्कि आज ही दिन क्योंकि राम जन्म भूमि का शिलान्यास हुआ था, ऐसे में इसके विरोध में पार्टी ने काले कपड़े पहन ये प्रदर्शन किया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि, कांग्रेस ने विरोध के लिए इस दिन को चुना और काले कपड़े पहने क्योंकि वे अपनी तुष्टिकरण की राजनीति को और बढ़ावा देने के लिए एक सूक्ष्म संदेश देना चाहते थे क्योंकि इसी दिन प्रधानमंत्री मोदी ने राम जन्मभूमि की नींव रखी थी। कांग्रेस आज प्रदर्शन कर संदेश देना चाहते हैं कि वो राम जन्मभूमि के शिलान्यास का विरोध करते हैं और तुष्टीकरण की नीति को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
अमित शाह ने कहा कि, आज कोई ईडी ने समन नहीं किया.. फिर भी विरोध का कार्यक्रम रखा गया। आज सभी के लोग काले कपड़े पहन कर आए। एक जिम्मेदार पार्टी होने के नाते कानून का सहयोग देना चाहिए। वो (कांग्रेस) रोज प्रदर्शन करते हैं। कांग्रेस हमेशा की तरह तुष्टिकरण की नीति को आगे बढ़ा रही है. लेकिन ये नीति ना पहले कभी देश के लिए सही थी और ना ही आज ये सही है। कांग्रेस को भी इसका नुकसान उठाना पड़ा है और जिस हश्र पर पार्टी खड़ी है, उसकी बड़ी वजह भी तुष्टीकरण ही है।
वहीं इस मामले पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, आज भारत की आस्था को अपमानित करने वाला कांग्रेस का आचरण अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी कई दिनों से आंदोलन कर रही है। अब तक वे सामान्य कपड़ो में प्रदर्शन कर रहे थे। आज कांग्रेसियों ने काले कपड़ो में जो प्रदर्शन किया है यह रामभक्तों का अपमान है।
कांग्रेस पार्टी के ऐसे कृत्यों ने भारत की आस्था का अपमान किया है। कांग्रेस के रवैये ने भारत के लोकतंत्र और न्यायपालिका का अपमान करने के साथ-साथ अयोध्या दिवस का अपमान किया है। हम पार्टी के ऐसे कृत्यों की निंदा करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications