'अगर ऐसा न किया गया होता तो', विपक्षी उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को लेकर अमित शाह का बड़ा खुलासा

Amit Shah on B Sudershan Reddy: विपक्षी INDIA गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश जस्टिस (रिटायर) बी. सुधर्शन रेड्डी ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। इस बार उपराष्ट्रपति चुनाव दिलचस्प होने वाला है क्योंकि NDA के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और सुदर्शन रेड्डी दोनों दक्षिण भारत से आते हैं। एक का बैकग्राउंड संघ (RSS) से जुड़ा है तो एक न्यायिक व्यवस्था से जड़े रहे हैं। यह चुनाव 9 सितंबर को होगा।

अब केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह ने सुदर्शन रेड्डी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। अमित शाह ने शुक्रवार 22 अगस्त को केरल में मनोरमा न्यूज कॉन्क्लेव 2025 को संबोधित करते हुए कहा, ''विपक्ष (कांग्रेस) के उपराष्ट्रपति प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी वही हैं, जिन्होंने वामपंथी उग्रवाद और नक्सलवाद को समर्थन देने के लिए सलवा जुडूम का जजमेंट दिया था। अगर ऐसा न किया गया होता, तो उग्रवाद 2020 तक समाप्त हो गया होता। केरल ने नक्सलवाद का दंश झेला है, उग्रवाद को भी सहा है।''

Amit Shah on B Sudershan Reddy

2011 के एक फैसले में न्यायमूर्ति सुदर्शन रेड्डी और न्यायमूर्ति एस.एस. निज्जर की दो-न्यायाधीशों वाली पीठ ने सलवा जुडूम को भंग कर दिया। यह एक ऐसा संगठन था जिसमें छत्तीसगढ़ सरकार ने आदिवासी युवाओं को विशेष पुलिस अधिकारी (SPOs) के रूप में नियुक्त किया था ताकि नक्सली उग्रवाद का मुकाबला किया जा सके।

अमित शाह बोले- 'वामपंथियों के दबाव में कांग्रेस ने किस तरह से ऐसे प्रत्याशी...'

अमित शाह ने कहा, ''केरल की जनता जरूर देखेगी कि वामपंथियों के दबाव में कांग्रेस ने किस तरह से ऐसे प्रत्याशी का चुनाव किया गया है, जिसने वामपंथी उग्रवाद और नक्सलवाद को समर्थन देने के लिए सुप्रीम कोर्ट जैसे मंच का उपयोग किया।''

बिहार SIR पर क्या बोले अमित शाह?

अमित शाह ने कहा,

''राहुल जी, जब से कांग्रेस के मुखिया बने हैं, तब से संवैधानिक संस्थाओं को शक के दायरे में लाने का प्रयास कर रहे हैं। अभी SIR हो रहा है। वो 2003 में भी हुआ था, 1961 में भी हुआ था और 1970 में भी हुआ था। तो अब समस्या क्या है? अगर SIR से कोई भी नागरिक या राजनीतिक पार्टी संतुष्ट नहीं है, तो वह असेंबली के रिटर्निंग ऑफिसर, जिला कलेक्टर और राज्य के चीफ इलेक्शन ऑफिसर के सामने अपील कर सकता है। सड़क पर राहुल गांधी यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन आज तक कांग्रेस पार्टी ने शिकायत के लिए बनाए गए किसी भी फोरम पर एक भी शिकायत दर्ज नहीं की है। शिकायत किए बिना जनता के बीच संदेह पैदा करना- मैं मानता, इस तरह की राजनीति से बिहार की जनता और देश की जनता अनजान है।''

अमित शाह बोले- स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा 25 प्रतिशत वोट हासिल करेगी

अमित शाह ने कहा,

''केरल के लोग भी एलडीएफ-यूडीएफ की दुविधा से बाहर आ रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा 25 प्रतिशत वोट हासिल करेगी और हमारे लिए यह एक बहुत बड़ी शुरुआत होगी। मैंने 13 साल की उम्र में राजनीति में प्रवेश किया था और पिछले 11 वर्षों से मैं राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हूं। मैंने कई बदलाव देखे हैं। त्रिपुरा में, हमारे पास केवल 1 प्रतिशत वोट थे और एक ही चुनाव में हमने दो-तिहाई बहुमत से सरकार बना ली। असम में भी, हमने केवल 2 विधायकों के साथ शुरुआत की और बाद में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाई। केरल में, हमारा पहले से ही एक मजबूत आधार है और मुझे उम्मीद है कि आगामी विधानसभा चुनावों में, लोगों को यूडीएफ या एलडीएफ पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।''

अमित शाह बोले- 'भारत आगे बढ़ चुका है लेकिन केरल 11 साल पहले जैसी स्थिति में ही है'

अमित शाह ने कहा, ''जब तक भारत विश्व में सर्वोच्च शिखर पर नहीं पहुंच जाता, किसी को भी चैन से रहने का अधिकार नहीं है। आजादी के अमृत महोत्सव में, प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प लिया कि 140 करोड़ भारतीय मिलकर अपने देश को नंबर एक बनाएंगे। मैं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से हूं, जहां हम सभी एक ऐसे भारत के निर्माण का सपना लेकर चलते हैं जिसका पूरे विश्व में सम्मान हो।''

अमित शाह ने कहा, ''शांति और विकास की दृष्टि से जब भी हमारे राष्ट्र का इतिहास लिखा जाएगा, प्रधानमंत्री मोदी के इन 11 वर्षों की शासन यात्रा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगी। फिर भी, मुझे खेद है कि जहां भारत आगे बढ़ चुका है, वहीं केरल आज भी 11 साल पहले जैसी स्थिति में ही खड़ा है। केरल के पास अपार संभावनाएं हैं, लेकिन साम्यवादी विचारधारा से पैदा हुई ठहराव की स्थिति ने उसके विकास को रोक दिया है। मुझे आशा है कि आने वाले वर्षों में केरल की जनता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करके राष्ट्रीय विकास की इस यात्रा में शामिल होगी।'

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+