चंद्रबाबू नायडू से अमित शाह ने की मुलाकात, BJP-TDP गठबंधन की चर्चा तेज
टीडीपी के चीफ चंद्रबाबू नायडू के साथ गृहमंत्री अमित शाह ने उनके घर पर मुलाकात की है। दोनों की मुलाकात के बाद टीडीपी-भाजपा के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी के मुखिया चंद्रबाबू नायडू से शनिवार की रात उनके घर पर मुलाकात की है। जिस तरह से दोनों बीच यह बैठक हुई, उसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल फिर से साथ आ सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार दोनों नेताओं के बीच यह बैठक तकरीबन एक घंटे तक चली, इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि इस बात को लेकर कोई बात सामने नहीं आई है कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर कोई फैसला हुआ है या नहीं।
गौर करने वाली बात है कि चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी पहली पार्टी थी, जिसने केंद्र की एनडीए गठबंधन से अलग होने का फैसला लिया था। करीबी सूत्रों ने बताया कि दोनों ही दल एक बार फिर से साथ आने को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
अप्रैल माह में चंद्रबाबू नायडू ने ने पीएम मोदी को दूरदर्शी करार देते हुए कहा था कि वह देश की प्रतिष्ठा को आगे लेकर जा रहे है, वह दुनिया को भारत की ताकत को दिखा रहे हैं। चंद्रबाबू नायडू ने कहा था कि वह राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में वह उनका साथ देने के लिए तैयार हैं।
गौर करने वाली बात है कि टीडीपी ने 2018 में एनडीए से अलग होने का फैसला लिया था। दरअसल आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्ज दिए जाने की मांग को लेकर यह गठबंधन खत्म हुआ था। चंद्रबाबू नायडू ने उस वक्त कहा था कि जिस तरह से केंद्र सरकार ने बजट में आंध्र प्रदेश को नजरअंदाज किया, उसकी वजह से अलग होने का फैसला लिया है।
अगर भाजपा और टीडीपी एक बार फिर से साथ आते हैं तो माना जा रहा है कि भाजपा के लिए यह एक बड़ी जीत होगी। दरअसल आंध्र प्रदेश और दक्षिण भारत में भाजपा अपने पैर मजबूत करना चाहती है, लिहाजा भाजपा के लिए टीडीपी का साथ आना एक बड़ी जीत होगी।












Click it and Unblock the Notifications