बीमारी की अफवाह पर अमित शाह ने किया ट्वीट, कहा- कुछ लोगों ने मेरी मौत के लिए भी दुआ मांगी
अमित शाह ने कहा कि जिन लोगों ने इस तरह की अफवाहें फैलाईं, मेरे मन में उनके लिए कोई द्वेष नहीं है।
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों को खारिज किया है, जिनमें कहा जा रहा था कि वे बीमार हैं। अमित शाह ने अपने ट्विटर हैंडल पर अपना एक बयान जारी करते हुए कहा कि वो एकदम स्वस्थ हैं। अपने बयान में अमित शाह ने बताया कि कोरोना वायरस जैसी महामारी के समय वो अपने कार्यों में व्यस्त हैं और इसलिए काफी दिन से चल रही इन अफवाहों पर ध्यान नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इस तरह की अफवाहें फैलाईं, मेरे मन में उनके लिए कोई द्वेष नहीं है।
Recommended Video

'व्यस्त रहने के कारण मैंने इस सब पर ध्यान नहीं दिया'
अमित शाह ने 'मेरे स्वास्थ्य की चिंता करने वाले सभी लोगों को मेरा संदेश' शीर्षक के साथ बयान जारी करते हुए कहा, 'पिछले कई दिनों से कुछ मित्रों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मेरे स्वास्थ्य के बारे में कई मनगढ़ंत अफवाएं फैलाई हैं। यहां तक कि कई लोगों ने मेरी मृत्यु के लिए भी ट्वीट कर दुआ मांगी है। देश इस समय कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से लड़ रहा है और देश के गृह मंत्री के नाते देर रात तक अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण मैंने इस सब पर ध्यान नहीं दिया।'

'मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं और मुझे कोई बीमारी नहीं'
अमित शाह ने आगे कहा, 'जब यह मेरे संज्ञान में आया तो मैंने सोचा कि यह सभी लोग अपनी काल्पनिक सोच का आनंद लेते रहें, इसलिए मैंने कोई स्पष्टता नहीं की। परंतु मेरी पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं और मेरे शुभचिंतकों ने विगत दो दिनों से काफी चिंता व्यक्त की, उनकी चिंता को मैं नजरअंदाज नहीं कर सकता। इसलिए मैं आज स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं और मुझे कोई बीमारी नहीं है।'
' इस तरह की अफवाह स्वास्थ्य को और अधिक मजबूत करती हैं'
अपने बयान में केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, 'हिंदू मान्यताओं के अनुसार ऐसा मानना है कि इस तरह की अफवाह स्वास्थ्य को और अधिक मजबूत करती हैं। इसलिए मैं ऐसे सभी लोगों से आशा करता हूं कि वो यह व्यर्थ की बातें छोड़कर मुझे मेरा कार्य करने देंगे और स्वयं भी काम करेंगे। मेरे शुभचिंतकों और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का मेरा हालचाल पूछने और मेरी चिंता करने के लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं। जिन लोगों ने ये अफवाहें फैलाई हैं उनके प्रति मेरे मन में कोई दुर्भावना या द्वेष नहीं है। आपका भी धन्यवाद।- अमित शाह।'












Click it and Unblock the Notifications