झारखंड की चुनावी रैली में बोले शाह- चार महीने के भीतर बन जाएगा अयोध्या में भव्य मंदिर
Recommended Video
नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा के पांचवें चरण के लिए चुनाव के लिए प्रचार कर रहे अमित शाह ने कहा है कि चार महीने के भीतर अयोध्या में राम मंदिर बन जाएगा। पाकुड़ की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, भारतीय तो मंदिर हमेशा से चाहते थे लेकिन कपिल सिब्बल कोर्ट में कहते थे कि अभी केस मत चलाइए। अब सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ गया है, तो आपसे कह देता हूं कि 4 माह के अंदर आसमान को छूता हुआ भव्य राम मंदिर अयोध्या में बनने जा रहा है।

झारखंड की 81 सीटों पर चुनाव हो रहा है। पांच चरण में चुनाव है। चार चरण का चुनाव हो चुका है। चुनावों के नतीजे 23 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। सोमवार को अमित शाह ने रैली में कहा, जेएमएम के हेमंत सोरेन कांग्रेस की गोदी में बैठकर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। हेमंत सोरेन को याद करना चाहिए की जब यहां के लोग अलग राज्य की मांग कर रहे थे, तो यहां के युवाओं पर गोलियां और लाठी उस समय कांग्रेस और आरजेडी की सरकार राज्य में थी।
अमित शाह ने कहा, हमारी सरकार ने झारखंड में नक्सलवाद को कम किया है। नरेंद्र मोदी और रघुवर दास के नेतृत्व में लगातार विकास का काम झारखंड में हुआ है। उन्होंने कहा, जबरन धर्म परिवर्तन इस क्षेत्र का महत्वपूर्ण मुद्दा था। भाजपा की सरकार ने जबरन धर्मांतरण को बंद करके आदिवासियों की सहायता करने का काम किया है। कांग्रेस न विकास कर सकती है, न देश को सुरक्षित कर सकती है और ना जनता की भावनाओं का सम्मान कर सकती है।
अमित शाह ने कहा, 2019 के लोकसभा चुनाव में झारखंड ने 14 में से 12 सीटें पीएम मोदी को दे दी और संसद के पहले ही सत्र के अंदर जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को उखाड़ फेंकने का काम मोदी सरकार ने कर दिया। अब राज्य में भी एक बार फिर से भाजपा की सरकार को लाने का काम कर दीजिए।












Click it and Unblock the Notifications