Tirupati Zoo: शेर के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में गई जान, जू में बाड़े के अंदर लगाई छलांग, मिली मौत
Andhra Pradesh Tirupati Zoo: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के श्री वेंकटेश्वर जूलॉजिकल पार्क में शेर के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में एक शख्स की जान चली गई। गुरुवार को तिरूपति चिड़ियाघर में शेर के साथ सेल्फी लेने की कोशिश में युवक अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठा।
जानकारी के अनुसार शख्स चिड़ियाघर में शेर के बाड़े में कूद गया और सेल्फी लेने की कोशिश करने लगा, जिसके बाद शेर ने उसको गर्दन से दबोच लिया और कुछ दूरी तक घसीटा। इस हादसे में शख्स की मौत हो गई।

अलवर के शख्स की गई जान
जूलॉजिकल पार्क के अधिकारियों ने बताया कि मृतक व्यक्ति की पहचान राजस्थान के अलवर के 38 वर्षीय प्रह्लाद गुर्जर के रूप में हुई है, जो कि बाड़े में घुस गया और शेर के साथ फोटो लेने की कोशिश कर रहा था।
दीवार पर चढ़ा और फिर कूदा
जू के अधिकारियों के अनुसार मृतक एक ऐसे एरिया में घुस गया, जो कि आम लोगों के लिए खुला नहीं है और एक केयरटेकर की पीछे हटने की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए 25 फीट से अधिक ऊंची दीवार पर चढ़ा और बाड़े में छलांग लगी दी।
नशे में था शख्स?
इससे पहले कि वहां मौजूद केयरटेकर कुछ कर पाता, डोंगलपुर नाम के शेर ने शख्स को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जिससे यह भी पता चलेगा कि क्या शख्स बाड़े में दाखिल होते हुए नशे की हालत में था।
परिवार से संपर्क की कोशिश में पुलिस
एक अधिकारी ने कहा कि शख्स अकेले चिड़ियाघर का दौरा कर रहा था और अधिकारी उसके परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शख्स जिस बाड़े में कूदा था वहां एक मादा और दो नर शेरों में से एक शेर ने प्रह्लाद पर हमला कर उसकी गर्दन पकड़ ली और उसके कपड़े फाड़ दिए। हालांकि उसने बचने की कोशिश की, लेकिन सभी नाकाम रहीं।












Click it and Unblock the Notifications