अहमदाबाद में दूध व दवाइयों के अलावा सभी दुकानें 17 मई तक बंद
नई दिल्ली। अहमदाबाद में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। अब अहमदाबाद प्रशासन ने हाई अलर्ट को देखते हुए नई गाइडलाइन जारी की हैं। अहमदाबाद में दूध और दवाइयां बेचने वालों को छोड़कर सभी दुकानें सात मई से 15 मई तक बंद रहेंगी। इसके साथ ही जो दवा और दूध की दुकानें खोलेंगी उन्हें दोपहर 12 बजे के बाद बंद करना अनिवार्य होगा।

लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद अहमदाबाद में सब्जी और राशन की दुकानें खुल रही थीं लेकिन गुजरात में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले की वजह से अहमदाबाद में अब केवल 7 मई से 15 मई तक केवल दवा और दूध की दुकानें खुलेंगी। बाकी सभी गतिविधियों पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। नगर निगम आयुक्त ने महामारी बीमारी एक्ट में निर्धारित अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए यह निर्देश जारी किया है। इसके तहत आज रात 12 बजे से 15 मई की शाम 6 बजे तक शहर में सभी प्रकार की दुकानें बंद रहेंगी। इसमें दूध और दवा की दुकानों को छूट दी गई है।
गुजरात में कोरोना वायरस महामारी की वजह से स्थिति काफी गंभीर है। प्रदेश में अब तक 6 हजार 245 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सबसे भयानक स्थिति अहमदाबाद की है, जहां मंगलवार को 24 घंटों के भीतर 349 नए मामले सामने आए और 39 लोगों की जान चली गई। ऐसे में अहमदाबाद प्रशासन महामारी के फैलाव को रोकने के लिए लॉकडाउन को और सख्त बनाने पर काम कर रहा है। इसके तहत आज रात 12 बजे से शहर की सभी दुकानों को बंद रखने का आदेश पारित किया गया है।
बता दें कि, अहमदाबाद के भाईपुरा और हरिपुरा में 21 सब्जीवालों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी थी। इतनी भारी संख्या में सब्जीवालों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पूरे इलाके को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया गया है। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है। लोगों को घर से भी निकलने की अनुमति नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications