कोरोना वायरस: केंद्र ने दिल्ली के सभी जिलों को रेड जोन में रखा, 3 मई के बाद छूट मिलना मुश्किल
नई दिल्ली। देश में कोरोना तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी कोरोना के मामले 35 हजार के पार पहुंच गए हैं। वहीं लॉकडाउन खत्म होने में अब सिर्फ दो दिन का वक्त बचा है। दूसरे चरण का लॉकडाउन खत्म होने के बाद कई इलाकों में छूट देने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए गृह मंत्रालय ने सभी जिलों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांट दिया है। वहीं राजधानी का कोई भी इलाका ग्रीन जोन में नहीं शामिल है। जिस वजह से तीन मई के बाद दिल्ली में छूट मिलना मुश्किल है।
Recommended Video

11 जिले रेड जोन घोषित
कोरोना वायरस का कहर राजधानी दिल्ली में तेजी से बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह तक राजधानी दिल्ली में 3515 मामले सामने आ चुके हैं। केंद्र ने जो लिस्ट जारी की है, उसमें दिल्ली के सभी 11 जिलों को रेड जोन में रखा गया है। ऐसे में उम्मीद है कि लॉकडाउन के बाद भी वहां पर किसी भी तरह की छूट नहीं दी जाएगी। वहीं एनसीआर में हॉटस्पॉट वाले इलाकों की संख्या भी सबसे ज्यादा है, जिसमें नोएडा, फरीदाबाद, सोनीपथ भी शामिल हैं।

रेड जोन के लिए क्या हैं केंद्र के निर्देश?
केंद्रीय गृह सचिव प्रीति सूदन के मुताबिक बफर जोन में आईएलआई/ एसएआरआई मामलों की व्यापक निगरानी की जानी चाहिए। साथ ही राज्यों से अनुरोध किया गया है कि वे चिन्हित रेड और ऑरेंज जोन जिलों में कंटेनमेंट जोन और बफर जोन का परिसीमन करके उन्हें सूचित करें। मामले में स्वास्थ्य मंत्रालय ने पहले ही साफ किया है कि रेड जोन में सरकार कोई रिस्क नहीं लेना चाहती, ऐसे में वहां पर लॉकडाउन में ढील मिलना मुश्किल है।

दिल्ली में 10 लाख पर 2300 जांच
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री के मुताबिक सरकार का पूरा फोकस जांच पर है। मौजूदा वक्त में दिल्ली में 10 लाख लोगों पर 2300 टेस्ट हो रहे हैं। राजधानी दिल्ली में अब तक 3515 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। रेड जोन में खास सतर्कता बरती जा रही है। जहां पर मेडिकल टीम डोर टू डोर जाकर लोगों की जांच कर रही है। वहीं राजधानी में अब तक 1100 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications