आज ही निपटा लें जरूरी काम, अगले तीन दिन बंद रहेंगे बैंक
अगर आपको अपने बैंक में कोई जरूरी काम है तो उसे आज यानी शनिवार को ही निपटा लीजिए। दरअसल अगले तीन दिनों तक सभी बैंक बंद रहने वाले हैं।
नई दिल्ली। अक्टूबर का महीना शुरू होने के साथ त्योहारी सीजन के चलते बैंकों की छुट्टियां भी शुरू हो गई हैं। अगर आपको अपने बैंक में कोई जरूरी काम है तो उसे आज यानी शनिवार को ही निपटा लीजिए। दरअसल अगले तीन दिनों तक सभी बैंक बंद रहने वाले हैं। रविवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण बैंकों में कोई कामकाज नहीं होगा और इसके बाद सोमवार व मंगलवार को नवमी और दशहरा के कारण बैंक बंद रहेंगे। यानी आज के बाद बैंक सीधे बुधवार को ही खुलेंगे। ऐसे में शनिवार को बैंकों में ज्यादा भीड़ रह सकती है। त्योहारी सीजन के दौरान बैंक बंद रहने से कैश की किल्लत भी सामने आ सकती है।

कुल 11 दिन बंद रहेंगे बैंक
आपको बता दें कि अक्टूबर में त्योहारी सीजन के चलते बैंकों में अलग-अलग तारीखों पर कुल 11 दिन की छुट्टी है। इस महीने में दशहरा और दिवाली के साथ-साथ कई अन्य बड़े त्योहार पड़ रहे हैं। ऐसे में ये जरूरी है कि बैंक में किसी भी आवश्यक काम के लिए जाने से पहले आप छुट्टी की तारीखों का पता कर लें। इसके अलावा त्योहारी सीजन में बैंक बंद रहने से लोगों को एटीएम में कैश की किल्लत का भी सामना करना पड़ सकता है। हालांकि बैंक अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए एटीएम में पर्याप्त कैश की व्यवस्था की जाएगी।

महीने के अंत में लगातार चार दिन बंद रहेंगे बैंक
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती को बैंकों की छुट्टी थी। 6, 7 और 8 अक्टूबर को बैंकों की छुट्टी के बाद 12 अक्टूबर को महीने का दूसरा शनिवार है और सभी बैंकों में छुट्टी रहेगी। 13 अक्टूबर को रविवार होने के चलते बैंक बंद रहेंगे और किसी तरह का कोई कामकाज नहीं होगा। इसके बाद 20 अक्टूबर को बैंकों में रविवार की छुट्टी रहेगी। अक्टूबर महीने के अंत में बैंक लगातार चार दिनों तक बंद रहेंगे। 26 अक्टूबर को महीने का चौथा शनिवार है और 27 अक्टूबर को दिवाली। यानी इन दोनों दिन बैंकों में छुट्टी रहेगी और कोई काम नहीं होगा। इसके बाद 28 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और 29 अक्टूबर को भैया दूज के चलते सभी बैंक बंद रहेंगे।

बैंकों ने किए कैश की किल्लत से निपटने के इंतजाम
11 दिनों की छुट्टी के चलते अक्टूबर में बैंकों में केवल 20 दिन ही कामकाज होगा। त्योहारी सीजन में लंबी छुट्टियों के चलते लोगों को कैश की किल्लत का भी सामना करना पड़ सकता है। हालांकि बैंक अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए सभी एटीएम में कैश की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी और किसी तरह की कोई दिक्कत सामने नहीं आएगी। गौरतलब कि त्योहारों के चलते एटीएम से कैश निकासी बढ़ जाती है। ऐसे में अगर आप परेशानी से बचना चाहते हैं तो पहले ही इंतजाम कर लें।












Click it and Unblock the Notifications