मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आई बाढ़ में फंसे सभी 45 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में अचानक आई बाढ़ की वजह से तकरीबन 40 लोग फंस गए थे, उन्हें बचा लिया गया है। शिवपुरी के एसपी राजेश हिंगांकर ने बताया कि हमने सभी 40 और 5 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से बचा लिया है। सभी 45 लोग सुरक्षित हैं। वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए यहां की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बताया कि हमे अभी यह नहीं पता चला है कि बाढ़ में कितने लोग बह गए हैं। मैं राहत और बचाव टीम का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं जिसने इतनी तेजी से काम किया और लोगों को बचाया।

आपको बता दें कि यह घटना 15 अगस्त शाम 4 बजे के आसपास की है। लोग 15 अगस्त की छुट्टी का मजा लेने के लिए वहां पहुंचे थे। सभी झरने में नहा रहे थे। इस दौरान झरने में पानी का प्रवाह तेज हो गया। कुछ लोग खतरा भांप कर वहां से तेजी से निकलकर किनारे पहुंच गए, जबकि करीब 30 लोग वहां फंस गए थे। वहीं 12 लोग पानी के तेज बहाव में बह गए। जलप्रपात 100 फीट ऊंचा था। वहां दो चट्टानों पर लोग फंसे थे। बड़े चट्टान पर जहां 30 लोग फंसे थे तो वहीं छोटे चट्टान पर अकेला व्यक्ति फंस गया था।
घटना के सामने आने के बाद खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि झरने में फंसे लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं। हेलिकॉप्टर की मदद से लोगों को बचाने का काम चल रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से गृहमंत्री और रक्षामंत्री से बाढ़ में फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए मदद मांगी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications