अखिलेश ने गांधी, पटेल और नेहरू से की जिन्ना की तुलना, कहा- सब देश की आजादी के लिए लड़े
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ता पाने के लिए अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। रविवार को वो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में समाजवादी विजय रथ यात्रा लेकर पहुंचे और जनता के बीच बीजेपी सरकार की खामियों को गिनाया। इस दौरान उन्होंने मोहम्मद अली जिन्ना की तुलना महात्मा गांधी जवाहर लाल नेहरू और सरदार पटेल से कर दी। जिसको लेकर राजनीति शुरू हो गई है।

Recommended Video
अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार पटेल, महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और जिन्ना ने एक ही संस्थान में पढ़ाई की। वे बैरिस्टर बन गए और भारत की आजादी के लिए लड़े। उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि आज देश को जाति और धर्म के आधार पर बांटा जा रहा है, सरदार पटेल ही वो पहले शख्स थे, जिन्होंने बांटने वाली सोच आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था। वो जमीन पहचानते थे और जमीन देखकर ही फैसला करते थे। इसी वजह से उन्हें आयरनमैन ऑफ इंडिया कहा जाता है।
कांग्रेस पर भी साधा निशान
अखिलेश ने कांग्रेस को भी नहीं छोड़ा। उस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस आखिर किसको आइना दिखा रही है। आज अगर केंद्रीय एजेंसियां जैसे सीबीआई और ईडी नेताओं की जांच कर रहीं, तो ये कांग्रेस की ही देन है। मुझ पर और मेरे परिवार पर कांग्रेस ने ही सीबीआई जांच करवाई थी। आज उसी चीज को बीजेपी सीख गई और वो केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। ऐसे में देखा जाए तो बीजेपी-कांग्रेस में कोई फर्क नहीं है।
किसानों पर भी बोले
अखिलेश ने कहा कि जब अंग्रेजों ने किसानों के खिलाफ काम शुरू किया, तो सरदार पटेल ने संघर्ष शुरू कर दिया। उन्होंने लगान वापसी के लिए आंदोलन किया। आज केंद्र सरकार और बीजेपी उनकी जयंती पर दिखावा कर रही है। अगर वो पटेल जी को श्रद्धांजलि देना चाहती है, तो तीनों कृषि कानूनों को वापस ले।












Click it and Unblock the Notifications