अखिलेश का मोदी सरकार पर हमला, कहा-ईडी, सीबीआई और डर...ये नये भारत का नया लोकतंत्र है
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉफ्रेंस कर मोदी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि, केंद्र की बीजेपी सरकार ईडी, आयकर विभाग और डर की मदद से एक नए लोकतंत्र को स्थापित करने की कोशिश कर रही है। यही नहीं अखिलेश मोदी सरकार को जहां आर्थिक मोर्चे पर घेरा वहीं यूपी की योगी सरकार को बिगड़ती कानून व्यवस्था को मुद्दे पर जमकर खरी-खोटी सुनाई।

अब भाजपा से सीखना होगा कि संस्थागत नियंत्रण कैसे होता है?
सोमवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि, इस पार्टी के लोग ईडी, आयकर विभाग की मदद से और भय फैलाकर लोकतंत्र चलाना चाहते हैं । लोकतंत्र में ये नयी संस्थाएं खड़ी हो गयी हैं। अब भाजपा से सीखना होगा कि संस्थागत नियंत्रण कैसे होता है? पहले किसी भी सरकार ने ऐसा नहीं किया। ईडी, सीबीआई और डर...ये नये भारत का नया लोकतंत्र है।
उन्होंने आरोप लगाया, 'बुलंदशहर में हिंसा में एक इंस्पेक्टर की जान लेने वाले लोगों का स्वागत किया जा रहा है और एटा में पति को मुठभेड़ में मार डालने का डर दिखाकर एक महिला से बलात्कार किया गया। अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज करते हुए कहा, 'कभी-कभी ऐसा लगता है कि ऐसा ही मुख्यमंत्री रहे ताकि अगली बार ज्यादा बहुमत से हमारी सरकार आये।

यूपी में कानून व्यवस्था पर सरकार पूरी तरह फेल रही है: अखिलेश
अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, यूपी में कानून व्यवस्था पर सरकार पूरी तरह फेल रही है। हत्या, लूट और बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। यूपी में बीते दिनों बहुत से उद्योगपति इकट्ठे हुए लेकिन प्रदेश में कोई बड़ा इन्वेस्टमेंट नहीं हो सका है। दावा था कि 70 लाख नौकरियां मिलेंगी लेकिन न प्रदेश में नौकरी है, न देश में। आज नौजवान बीजेपी राज में बेरोज़गार घूम रहा है। उन्होंने कहा, 'देश और उत्तर प्रदेश बहुत नाजुक दौर से गुजर रहा है।

'बांग्लादेश का टका हमारे रुपए से ज्यादा मजबूत हो चुका है'
उन्होंने कहा कि अर्थशास्त्री, कारोबारी और देश के बारे में समझ रखने वाले लोगों के बयान बता रहे हैं कि हमारी अर्थव्यवस्था कहां जा रही है। अखिलेश ने कहा कि, आज हालत यह है कि बांग्लादेश का टका हमारे रुपए से ज्यादा मजबूत हो चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये को मजबूत बनाने का वादा करने वाली केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण डॉलर नयी ऊंचाइयों पर पहुंचता जा रहा है। उन्होंने कहा, दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाने वाले देश के बड़े लोग भी कह रहे हैं कि मेक इन इंडिया फ्लॉप शो है।












Click it and Unblock the Notifications