Ajit Pawar Death: जब माधुरी दीक्षित पर भड़क उठे थे अजित दादा, ऐसी क्या गलती कर गईं थी धक-धक गर्ल?
Ajit Pawar Death: ये बात 10 मई 2012 की है जब 'धक-धक गर्ल' माधुरी दीक्षित ने कुछ ऐसा कर दिया था जिसके बाद अजित पवार उन पर काफी नाराज हुए थे। ये नाराजगी इतनी बड़ी थी कि सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में माधुरी दीक्षित को फटकार लगने की चर्चा थी। और उस दौरान माधुरी सीधे-सीधे महाराष्ट्र के दो बड़े नेताओं के निशाने पर आ गई थीं।
नितेश राणे का ट्वीट और फीस को लेकर नाराज़गी
इस विवाद की शुरुआत स्वाभिमान संघटना के प्रमुख और उद्योग मंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश राणे के ट्वीट से हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पर माधुरी दीक्षित पर सीधा हमला बोलते हुए लिखा, "महाराष्ट्र की ब्रांड एंबेसडर बनने के लिए माधुरी का ऊंची फीस लेना शर्मनाक है। अपनी धरती के लिए निःस्वार्थ रहें। धिक्कार है।" नितेश राणे की यह प्रतिक्रिया तब आई, जब माधुरी ने उम्मीद के मुताबिक मोटी फीस न मिलने के कारण महाराष्ट्र पर्यटन का ब्रांड एंबेसडर बनने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था।

भड़क उठे थे अजित दादा
इसी बीच, तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी माधुरी दीक्षित पर अप्रत्यक्ष रूप से तीखा तंज कसा। एक सरकारी पुरस्कार समारोह के दौरान उन्होंने माधुरी की गैरमौजूदगी पर नाराज़गी जताई। अजित पवार ने कहा, "यह 11 करोड़ नागरिकों के प्यार का राजकीय सम्मान है। कुछ सितारे दो दिन पहले अन्य पुरस्कार लेने के लिए समय निकाल सकते हैं, लेकिन सरकारी सम्मान के लिए उनके पास समय नहीं होता।"
दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार और नई बहस
अजित पवार की यह टिप्पणी उस वक्त आई, जब माधुरी दीक्षित ने शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे की अध्यक्षता में दिया जाने वाला दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार तो स्वीकार किया था, लेकिन राज्य सरकार के इस अहम समारोह में शामिल नहीं हुई थीं। इसी वजह से यह मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया और इस पर नई राजनीतिक बहस शुरू हो गई। इसके बाद अजित पवार ने माधुरी दीक्षित को महाराष्ट्र का ब्रांड एंबेसडर न बनने के लिए भी लताड़ लगाई थी।
आमिर खान से तुलना और विवाद की गहराई
इस पूरे विवाद पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने तुलना करते हुए बताया कि अभिनेता आमिर खान केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय के "अतुल्य भारत - अतिथि देवो भव" अभियान को बिना किसी शुल्क के प्रमोट कर रहे हैं। इस तुलना ने माधुरी दीक्षित के फैसले और नेताओं की नाराज़गी को और ज्यादा चर्चा में ला दिया था।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications