यात्रीगण कृपया ध्यान दें! वॉशिंगटन DC रूट पर Air India की सभी उड़ानें होंगी सस्पेंड, जानें क्या है कारण
Air India flights suspension: अगर आप दिल्ली से वॉशिंगटन डी.सी. (Air India Washington DC flight) की सीधी उड़ान पकड़ने की सोच रहे हैं, तो अब अपनी योजना पर दोबारा विचार करने का समय आ गया है। भारत की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया (Air India) ने यात्रियों के लिए एक बड़ा अपडेट दिया है। एयर इंडिया की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 1 सितंबर 2025 से यह रूट पूरी तरह बंद होने जा रहा है।
वजह सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई हैं: महंगे और लंबे रूट्स, पाकिस्तान के एयरस्पेस का बंद होना, और सबसे बड़ी-एयर इंडिया के बेड़े में आने वाली अस्थायी कमी, जो उसके बड़े रेट्रोफिट प्रोग्राम की वजह से है। आइए विस्तार से जानते हैं फ्लाइट कैंसिल होने की क्या हैं वजहें....

इस अपग्रेड में 26 बोइंग 787-8 विमान 'मेकओवर' से गुजरेंगे, जिससे यात्रियों को भविष्य में बेहतर अनुभव मिलेगा, लेकिन फिलहाल कई प्लेन्स लंबे समय तक उड़ान भरने से बाहर रहेंगे। नतीजा-वॉशिंगटन के लिए सीधी फ्लाइट फिलहाल अतीत बन जाएगी, और यात्रियों को अब एक-स्टॉप कनेक्शन से ही वहां पहुंचना होगा।
Air India के 26 बोइंग 787-8 विमानों में बड़े बदलाव
एयर इंडिया ने बताया कि इस फैसले की सबसे बड़ी वजह उसका हाल ही में शुरू हुआ बड़े पैमाने पर रेट्रोफिटिंग कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम के तहत 26 बोइंग 787-8 विमान का अंदरूनी ढांचा और सुविधाएं पूरी तरह से अपग्रेड की जाएंगी। इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर अनुभव देना है, लेकिन इस दौरान कई विमान लंबे समय तक सेवा से बाहर रहेंगे। यह प्रक्रिया 2026 के अंत तक जारी रहने की संभावना है।
पाकिस्तानी एयरस्पेस बंद होने से बढ़ी मुश्किलें
Air India ने यह भी कहा कि पाकिस्तानी वायुक्षेत्र का लगातार बंद रहना भी लंबी दूरी की उड़ानों के लिए चुनौती बना हुआ है। इस वजह से उड़ानों को लंबा रूट लेना पड़ता है, जिससे न केवल यात्रा समय बढ़ जाता है बल्कि ईंधन की खपत और संचालन लागत भी अधिक हो जाती है।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
कंपनी ने बताया कि 1 सितंबर 2025 के बाद जिन यात्रियों की वॉशिंगटन डी.सी. (Delhi to Washington DC flights cancelled) के लिए बुकिंग है, उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया जाएगा। उन्हें अन्य उड़ानों पर री-बुकिंग या पूरा रिफंड देने का विकल्प मिलेगा।
फिलहाल यात्री वॉशिंगटन डी.सी. तक पहुंचने के लिए न्यूयॉर्क (JFK), नेवार्क (EWR), शिकागो और सैन फ्रांसिस्को के जरिये एक-स्टॉप कनेक्शन का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए एयर इंडिया ने अलास्का एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस और डेल्टा एयरलाइंस के साथ साझेदारी की है, ताकि यात्रियों को एक ही टिकट पर बैगेज चेक-इन की सुविधा मिले।
उत्तर अमेरिका के अन्य रूट पर सेवा जारी
एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि वह उत्तर अमेरिका में अपने अन्य रूट्स पर नॉन-स्टॉप उड़ानें जारी रखेगी। इसमें कनाडा के टोरंटो और वैंकूवर समेत कुल छह डेस्टिनेशन शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि यह कदम अस्थायी है और जैसे ही बेड़े में विमानों की उपलब्धता सामान्य होगी, वॉशिंगटन डी.सी. रूट पर सेवा बहाल करने पर विचार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications