एयर इंडिया प्लेन क्रैश रिपोर्ट: कौन से सवाल अभी भी जिंदा? AAIB जांच में पिक्चर अभी बाकी क्यों?
Air India Plane Crash Report: गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश हादसे की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हो गई है। विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) ने 15 पन्नों की यह रिपोर्ट 12 जुलाई को अपनी वेबसाइट पर अपलोड की है। कुल 260 लोगों की जान लेने वाले इस विमान हादसे में कई सवाल अब भी जिंदा हैं, जो इस ओर इशारा करते हैं कि पूरी पिक्चर अभी बाकी है।

रिपोर्ट पर एयर मार्शल संजीव कपूर ने उठाए सवाल
AI 171 विमान हादसे पर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की प्रारंभिक रिपोर्ट पर एयर मार्शल संजीव कपूर (सेवानिवृत्त) ने कहा कि "कल रात आई प्रारंभिक रिपोर्ट मेरे विचार से कई संदेह पैदा करती है। इंजन क्यों फेल हुए? पायलट ने मेडे कॉल दिया है, जो पायलट द्वारा गंभीर आपात स्थिति में दिया जाता है।

आरएटी (रैम एयर टर्बाइन) संकेत देता है कि पूरा इलेक्ट्रिकल और पूरा इंजन फेल हो गया है। 787 मैनुअल की समीक्षा करने पर, मैंने देखा कि जब दोनों इंजन बंद हो गए हैं, तो लीवर को फिर से चालू करने के लिए मैन्युअल रूप से हिलाना पड़ता है। मेरे विचार से, पायलट उड़ान भर रहे थे और इंजन फेल हो गए, और मेडे कॉल देने के बाद इस छोटी सी अवधि में, उन्होंने इंजन को फिर से चालू करने की कोशिश की"
जिम्मेदार कौन? क्या विशेष सिफारिश होगी?
दरअसल, एयर इंडिया प्लेन हादसे पर AAIB की यह रिपोर्ट शुरुआती है। फाइनल रिपोर्ट आना अभी बाकी है, जिसमें जिम्मेदारी भी तय की जा सकती है। शुरुआती जांच रिपोर्ट के अंत में लिखा गया है कि अब तक की जांच के आधार पर B787-8 विमान या GE GEnx-1B इंजन ऑपरेटरों/निर्माताओं के लिए कोई विशेष सिफारिश नहीं की गई है। इसका मतलब है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी बाकी है।
बचे ईंधन के नमूनों की विशेष लैब में जांच
AAIB की रिपोर्ट के अनुसार अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे की जांच में कई महत्वपूर्ण पुर्जों की पहचान कर उन्हें आगे की विस्तृत जांच के लिए अलग किया गया है। फॉरवर्ड EAFR से प्राप्त डेटा का विश्लेषण जारी है। APU फिल्टर और बाएं पंख के रिफ्यूल/जेटिसन वाल्व से सीमित मात्रा में बचे ईंधन के नमूने लिए गए हैं, जिनकी टेस्टिंग किसी विशेष लैब में की जाएगी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट्स का विश्लेषण बाकी
रिपोर्ट के अनुसार एयर इंडिया हादसे में कुल 260 लोगों की मौत हुई। इनमें 241 वे लोग थे जो प्लेन में सवार थे, जबकि शेष 19 लोग विमान के जमीन पर क्रैश करने से उसकी चपेट में आ गए। आगे के चरणों में विस्तृत जांच के तहत 11 क्रू मेंबर्स और 229 यात्रियों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट्स का विश्लेषण चल रहा है, ताकि एयरोमेडिकल तथ्यों को इंजीनियरिंग एंगल से जोड़ा जा सके।

सुरक्षित जगह रखवाया गया मलबा
एयर इंडिया विमान हादसे के बाद पूरे घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई गई है। दुर्घटनाग्रस्त विमान का मलबा मौके से हटाकर अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास सुरक्षित जगह पर रखवाया गया है। विमान के दोनों इंजन बरामद कर एयरपोर्ट स्थित हैंगर में क्वारंटीन कर दिए गए हैं।

रिपोर्ट की शुरुआत में क्या लिखा?
यह दस्तावेज़ जांच के दौरान एकत्र की गई प्रारंभिक तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी प्रारंभिक है और समय के साथ बदल सकती है। अंतरराष्ट्रीय नागरिक विमानन संगठन (ICAO) के एनेक्स-13 और एयरक्राफ्ट (दुर्घटनाओं और घटनाओं की जांच) नियम, 2017 के नियम 3 के अनुसार, किसी विमान दुर्घटना/घटना की जांच का एकमात्र उद्देश्य भविष्य की दुर्घटनाओं और घटनाओं की रोकथाम होता है, न कि दोष या जिम्मेदारी तय करना। उपरोक्त नियमों के अंतर्गत की गई जांच किसी भी न्यायिक या प्रशासनिक कार्यवाही से स्वतंत्र होती है जिसका उद्देश्य दोष या जिम्मेदारी तय करना हो।












Click it and Unblock the Notifications