Air India एक बार फिर बन जाता उड़ता 'ताबूत'! 900 फीट नीचे गिरी फ्लाइट, जानें कैसे टला बड़ा हादसा?
Air India Flight Delhi-Vienna News: दिल्ली से वियना जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-187 (बोइंग 777) उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हवा में 900 फीट नीचे गिर गई। यह घटना 14 जून 2025 को सुबह 2:56 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होने के तुरंत बाद हुई।
विमान में स्टॉल और ग्राउंड प्रॉक्सिमिटी चेतावनियां सक्रिय हो गईं, जिसमें 'डू नॉट सिंक' अलर्ट बार-बार बजा। पायलटों ने त्वरित कार्रवाई कर विमान को स्थिर किया और नौ घंटे की उड़ान के बाद यह वियना में सुरक्षित उतरा। हालांकि, इस घटना ने एयर इंडिया की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठाए हैं। खास बात यह है कि अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में गई 260 लोगों की मौत के दो दिन बाद यह घटना घटी।

पायलटों को रोस्टर से हटाया, जांच शुरू
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि पायलटों ने घटना की जानकारी तुरंत दी, जिसके बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को सूचित किया गया। विमान के फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की जांच शुरू हो गई है, और परिणाम आने तक दोनों पायलटों को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है। डीजीसीए ने एयर इंडिया के सुरक्षा प्रमुख को तलब कर रखरखाव और परिचालन खामियों की गहन जांच शुरू की है।
Ahmedabad Flight Crash: अहमदाबाद हादसे से जोड़ा जा रहा कनेक्शन
यह घटना अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए भीषण हादसे के ठीक 38 घंटे बाद हुई, जिसमें एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-171 (बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8) उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 242 यात्रियों और चालक दल सहित करीब 260 लोगों की मौत हो गई थी। डीजीसीए के हालिया ऑडिट में एयर इंडिया के बेड़े में बार-बार रखरखाव की चूक और दोष सुधार में लापरवाही उजागर हुई थी।
नियामक की सख्ती, ऑडिट जारी
23 जून 2025 को डीजीसीए ने गुरुग्राम में एयर इंडिया के मुख्यालय पर व्यापक ऑडिट शुरू किया, जिसमें उड़ान संचालन, शेड्यूलिंग, रोस्टरिंग और एकीकृत परिचालन नियंत्रण केंद्र (IOCC) की जांच शामिल है। सूत्रों के अनुसार, जांच में मौसम, यांत्रिक खराबी या पायलट की त्रुटि जैसे कारणों का पता लगाया जाएगा। इस घटना से एयर इंडिया के परिचालन प्रोटोकॉल में बड़े बदलाव और सख्त निरीक्षण की संभावना है।
एयर इंडिया पर बढ़ा दबाव
लगातार तकनीकी खराबी और अहमदाबाद हादसे के बाद एयर इंडिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। इस महीने की शुरुआत में भी एयर इंडिया की कई उड़ानों में तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियामक और एयरलाइन पर सख्त कदम उठाने का दबाव बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें- Air india की टोक्यो-दिल्ली फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट कर लैंड करवाया गया, वजह कर देगी हैरान












Click it and Unblock the Notifications