शारजाह जा रहा विमान वापस लौटा कोच्चि, प्याज की 'बदबू' हो सकती है वजह?
केरल के कोच्चि से एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शारजाह के लिए उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही वापस लौटने को मजबूर हो गया। उसे टेकऑफ के बाद वापस से उसी हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा । इसकी वजह ये थी कि विमान के अंदर से बहुत ही 'तीखी' और 'जलने वाली बदबू' आ रही थी।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एयरलाइंस सूत्रों ने बताया है कि 2 अगस्त की रात एयर इंडिया एक्सप्रेस का यह विमान फ्लाइट संख्या आईएक्स 411 कोच्चि से उड़ा था। पहले एक यात्री ने शिकायत की कि विमान के अंदर कुछ 'जल' रहा है।

'तीखी बदबू' की वजह से वापस लौट गया विमान
बाद में कुछ और यात्रियो ने कहा कि विमान के अंदर से कुछ 'तीखी बदबू' आ रही है। इसकी वजह से तुरंत ही एहतियाती तौर पर विमान को वापस मोड़ने का फैसला लिया गया और वह 175 यात्रियों के साथ वापस कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया। एयरलाइंस सूत्रों के मुताबिक इंजीनियरिंग टीम ने विमान की छानबीन की और शुरुआती तहकीकात से धुएं या तकनीकी गड़बड़ी के कोई साक्ष्य नहीं पाए गए।
प्याज हो सकती है बदबू की वजह
इसके बाद शक की सूई प्याज की उन टोकरियों पर गई, जो कार्गो होल्ड एरिया में पड़े थे। सूत्र ने कहा, 'शुरुआती फीडबैक से पता चलता है कि दुर्गंध का स्रोत विमान में ले जाए जा रहे प्याज या सब्जियां में हो सकती हैं।' उसके मुताबिक क्योंकि किसी ने विमान के अंदर बदबू की शिकायत की थी, इसलिए एहतियाती कदम के तौर पर विमान को वापस लौटाने का फैसला लिया गया।
कैप्टन के अनाउंसमेंट के बाद लोग चिंतित और और घबराए हुए थे-कांग्रेस एमएलए
इसी विमान में कांग्रेस एमएलए मैथ्यू कुजलनाजन भी सवार थे, जो किसी निजी काम से शारजाह जा रहे थे। उनके मुताबिक यात्रियों में अनिश्चितता और असमंजस की स्थिति थी, लेकिन यह सुरक्षित लैंड कर गया। उन्होंने बताया कि 'सच कहूं तो विमान में सवार होने के साथ ही मैं सो गया था। हालांकि, अनाउंसमेंट की वजह से जब मैं जागा तो वहां लोगों में अनिश्चतिता और असमंज की स्थिति थी। जब कैप्टन ने कहा कि हम लोग वापस से लैंड कर रहे हैं तो सभी लोग थोड़े से चिंतित और घबराए हुए थे। हालांकि, सबकुछ ठीक रहा और हम जल्द ही वापस लैंड कर गए।'
दूसरे विमान से शारजाह गए यात्री
इस घटना के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और शारजाह जाने के लिए दूसरे विमान का इंतजाम किया। यह विमान अगले दिन यानी 3 अगस्त के तड़के 5.14 बजे फिर से शारजाह के लिए उड़ान भरा। एयरलाइंस सूत्रों का कहना है कि यह बदबू एयरलाइंस के कार्गो होल्ड एरिया में रखे प्याज या सब्जियों से आ रही होगी।
मध्य-पूर्व एशिया की ओर जाने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान अपने कार्गो होल्ड एरिया में बड़ी मात्रा में सब्जियां, फल और फूल भी ले जाते हैं, जो कि इनकी आमदनी का एक अलग स्रोत है। सूत्र के अनुसार, 'हम सिर्फ यात्री को ही नहीं ले जाते, हम किसानों के उत्पाद भी ढोते हैं, खासकर खाड़ी के देशों तक।'












Click it and Unblock the Notifications