जम्मू-कश्मीर में एयरफोर्स ने झोंकी बचाव कार्यों में अपनी शक्ति
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) पिछले साल उत्तराखंड में बाढ़ की विभीषका में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने वाले एयरफोर्स के जाबांज अब जम्मू-कश्मीर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकाल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, अब तक करीब एक हजार लोगों को विमान से सुरक्षित स्थानों पर पहंचा दिया है।
एयरफोर्स के सूत्रों के अनुसार, कल (रविवार) सी-17 ग्लोबमास्टर विमान दिल्ली से अवंतीपुर के लिए रवाना हुआ जिसके साथ मेडिकल टीम द्रुत भी थी।
पालम हवाई अड्डे से श्रीनगर के लिए दो आईएल 76 विमान, चिकित्सा सहायता के साथ और नौकाएं लेकर रवाना हुए। इसके अलावा आईएल 76 के साथ एनडीआरएफ कर्मियों का दल भी पालम से श्रीनगर के लिए रवाना हुआ।
एयरफोर्स का बचाव कार्य आज भी पूरी गति से जारी रहेगा। भारतीय वायु सेना के कुल बारह एएन-32, चार आईएल-76, पांच सी-130जे और दो सी-17 परिवहन विमान राहत और बचाव कार्य में लगाए गए हैं। भारतीय वायु सेना के 26 हेलीकॉप्टर भी क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।
इस बीच, तीन सी-130 जे सुपर हरक्युलिस विशेष ऑपरेशन विमान पुणे और गांधीनगर से नौकाएं श्रीनगर पहुंचाने के लिए लगाए गए हैं। ये विमान जम्मू और श्रीनगर में कानपुर से 10000 कंबल और 3000 टेंट भी पहुंचा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications