एम्स डारेक्टर ने माना देश में शुरू हो चुकी कोरोना महामारी की दूसरी लहर, कही ये बात
नई दिल्ली। दिल्ली स्थित एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने माना है कि देश कुछ हिस्सों में कोरोना की दूसरी लहर है। उन्होंने कहा है कि कुछ महीनों तक कोरोना संक्रमितों की संख्या में और वृद्धि होगी लेकिन इसके बाद में इसमें गिरावट आ जाएगी। ये गिरावट काफी तेज होगी। सीएनएन-न्यूज-18 से बातचीत में गुलेरिया ने ये कहा है।

कोरोना की दूसरी लहर या पहली इसका कोई फॉर्मूला नहीं
रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि कोरोना की पहली वेव चल रही है या दूसरी शुरू हो गई है, ये पता करने का कोई तयशुदा फॉर्मूला नहीं है। उन्होंने कहा कि महामारी किस रफ्तार से फैल रही है, उसी के आधार पर पहली या दूसरी वेव तय की जाती है। उन्होंने ये कहा कि देश के कुछ हिस्सों में कोरोनी की दूसरी लहर मानी जा सकती है।

लगता है लोग अब महामारी से थक चुके: गुलेरिया
रणदीप गुलेरिया ने कहा कि महामारी को एक लंबा वक्त हो गया है। ऐसा देखा जा रहा है कि एक आम इंसान इससे अब उक्ता गया है और वो सुरक्षा को लेकर उतना सतर्क नहीं है। उन्होंने कहा, बहुत से लोग कोविड19 से थक गए हैं। राजधानी दिल्ली में ही आप लोगों को बिना मास्क देख सकते हैं। कई जगहों पर भीड़ भी देखी जा सकती है। लोग अब कहने लगे हैं कि जो होगा देखा जाएगा लेकिन घर में बंद नहीं रह सकते हैं। कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़ने की एक बड़ी वजह ये भी है।

50 लाख से ज्यादा हुए देश में कोरोना के मरीज
देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को बताया है कि पिछले 24 घंटों में 90,123 नए मामले सामने आए हैं और 1,290 ने मरीजों की मौत हुई है। अब देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 50,20,360 हो गई है, जिसमें 9,95,933 सक्रिय मामले हैं। अब तक 39,42,361 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 82,066 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications