पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिले विजय गोयल, संसद के मानसून सत्र में मांगा कांग्रेस से सहयोग
नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र शुरू होने में अब 3 हफ्ते से भी कम का समय बचा है। ऐसे में केंद्र की मोदी सरकार की कोशिश इस सत्र को सफल बनाने की है। इसी के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने मानसून सत्र को सकारात्मक बनाने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता से उनकी पार्टी का समर्थन मांगा। बता दें की संसद मानसून सत्र 18 जुलाई से शुरू होगा जो 10 अगस्त तक चलेगा।

संसद के बजट सत्र और इससे पहले शीतकालीन सत्र के हंगामेदार रहने के बाद अब सरकार की कोशिश यही है कि मानसून सत्र को सफल बनाया जा सके। सरकार का जोर तीन तलाक समेत 10 से ज्यादा बिलों को इस सत्र में पास कराने पर होगा। इसके लिए जरूरी है कि विपक्ष का समर्थन मिले। यही वजह है कि बीजेपी नेता विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि उन्होंने मनमोहन सिंह से मुलाकात के दौरान मानसून सत्र में संसद को सुचारु रूप से चलाने के लिए कांग्रेस का समर्थन मांगा। मनमोहन सिंह ने भी सरकार की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि ये सत्ता पक्ष और विपक्ष की जिम्मेदारी है कि संसद सत्र प्रभावी ढंग से चले। बता दें कि लोकसभा में करीब 68 और राज्यसभा में 40 विधेयक लंबित हैं।












Click it and Unblock the Notifications