फ्लोर टेस्ट से पहले प्रफुल्ल पटेल का बड़ा बयान, बोले- NCP के पास है डिप्टी सीएम का पद
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा में आज सीएम उद्धव ठाकरे को बहुमत साबित करना है। विश्वास मत साबित करने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है जहां दोपहर बाद आज वोटिंग होगी। वहीं, शुक्रवार से ही खबरें आ रही हैं कि कांग्रेस ने डिप्टी सीएम पद की मांग कर दी है और इसको लेकर तीनों दलों में सहमति अभी नहीं बन पाई हैं। इन खबरों के बीच एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल का बड़ा बयान आया है।

प्रफुल्ल पटेल बोले- एनसीपी के पास है डिप्टी सीएम का पद
प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि डिप्टी सीएम का पद एनसीपी के पास है। एनसीपी नेता ने कहा कि 22 दिसंबर को खत्म होने वाले नागपुर विधानसभा सत्र के बाद इस पोस्ट के लिए नाम का ऐलान किया जाएगा। वहीं, ऐसी खबरें भी हैं कि कई दौर की बैठक के बावजूद नए कैबिनेट में विभागों के बंटवारे पर बात नहीं बन पाई है। सूत्रों के मुताबिक, सभी दलों ने गृह मंत्रालय, वित्त, शहरी विकास, राजस्व, हाउसिंग और को-ऑपरेशन मंत्रालय पर अपना दावा किया है। इस कारण अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है।
22 दिसंबर के बाद होगा नाम का ऐलान- पटेल
जबकि कांग्रेस ने डिप्टी सीएम पद को लेकर एनसीपी-शिवसेना के सामने नई मांग रखी है। वहीं, आज कांग्रेस नेता नाना पटोले ने विधानसभा स्पीकर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इस पद के लिए पहले पृथ्वीराज चव्हाण का नाम सामने आया था लेकिन उन्होंने इस पद को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। बीजेपी ने भी स्पीकर पद के लिए अपनी तरफ से उम्मीदवार उतारा है। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि किसन कथोरे विधानसभा स्पीकर पद के लिए बीजेपी उम्मीदवार होंगे।

दोपहर बाद आज विधानसभा में होगा फ्लोर टेस्ट
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महा विकास अघाड़ी के नेता के तौर पर चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री पद की पद की शपथ ली थी। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने गठबंधन सरकार को बहुमत साबित करने के लिए 3 दिसंबर तक का वक्त दिया था। 288 सदस्यीय विधानसभा में शिवसेना के 56 सदस्य हैं, जबकि एनसीपी के 54 सदस्य और कांग्रेस के 44 विधायक हैं। तीनों दलों को मिलाकर 154 की संख्या के साथ गठबंधन सरकार आसानी से बहुमत के लिए जरूरी 145 विधायकों के आंकड़े को पार करती दिखाई दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications