देश में वैक्सीनेशन का टूटा पिछला रिकॉर्ड, 5 दिन के अंदर दूसरी बार 1 दिन में लगी वैक्सीन की 1 करोड़ डोज
नई दिल्ली, अगस्त 31: भारत में कोरोना संक्रमण के खिलाफ चल रहा टीकाकरण अभियान हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। 3 दिन पहले ही देश ने 1 दिन के अंदर 1 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाने का रिकॉर्ड कायम किया था और 3 दिन बाद ही इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया गया। दरअसल, मंगलवार को देश में फिर से 1 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई गई। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, आज देश में 31 अगस्त शाम 6 बजे तक 1.09 करोड़ वैक्सीन डोज लगाई गई है। वहीं इससे पहले 27 अगस्त को 1,08,99,699 डोज लगाई गई थी।
Recommended Video

मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर दी जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, "देश ने आज फिर से एक नया कीर्तिमान स्थापित कर लिया है! नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में #SabkoVaccineMuftVaccine अभियान ने 1.09 करोड़ से अधिक डोज के अपने पिछले कीर्तिमान को तोड़ते हुए आज नया कीर्तिमान बनाया। देश में आज इससे अधिक टीके अब तक लग गए हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। सभी देशवासियों को बधाई!"

स्वास्थ्य मंत्री ने की कोविड वॉरियर्स की सराहना
स्वास्थ्य मंत्री ने एक अन्य ट्वीट में बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान में एक और मील का पत्थर हासिल किया हुआ है। 50 करोड़ लोगों को कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक मिली है। मैं इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में मदद करने के लिए कोविड वॉरियर्स की कड़ी मेहनत और नागरिकों के परिश्रम की सराहना करता हूं।

देश में कुल टीकाकरण का आंकड़ा 65 करोड़ को कर गया पार
आपको बता दें कि देश में कुल टीकाकरण का आंकड़ा 65 करोड़ को पार कर गया है। सोमवार को देश में 59,62,286 लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि हम टीकाकरण को और गति देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। केन्द्र सरकार देशभर में कोविड-19 टीकाकरण की गति में तेजी लाने और इसके दायरे को विस्तारित करने की दिशा में काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications