चंडीगढ़ में एक साइकिल वाला वेंडर मुफ्त में क्यों खिला रहा है छोले भटूरे ? पीएम मोदी भी कर चुके हैं तारीफ
चंडीगढ़, 31 जुलाई: चंडीगढ़ में सड़क किनारे साइकिल पर फुड स्टॉल चलाने वाला मामूली सा एक वेंडर लोगों को बुला-बुलाकर मुफ्त में छोले भटूरे खिला रहा है। यह अभियान अगले कई हफ्तों तक जारी रहने वाला है। लेकिन, फ्री में छोले भटूरे खाने की एक छोटी सी शर्त रखी गई है। शर्त ये है कि आप कोरोना वैक्सीन की तीसरी डोज लगवाकर उसका मैसेज दिखाएं, तभी आपको स्वादिष्ट छोले भटूरे का आनंद लेने का मौका मिलेगा और वह भी बिना एक पाई खर्च किए हुए। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। वह पहले भी ऐसा कर चुके हैं और इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी सराहना के पात्र बन चुके हैं।

प्रिकॉशन डोज लेने वालों को फ्री में छोले भटूरे
चंडीगढ़ में एक मामूली वेंडर लोगों को मुफ्त में छोले-भटूरे खिला रहा है। पिछले साल भी उसने ऐसा ही किया था और तब पीएम मोदी ने उसे काफी सराहा भी था और अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में उसकी काफी तारीफ की थी। अब उन्होंने फिर से मुफ्त में छोले-भटूरे खिलाने का ऑफर दिया है। शर्त सिर्फ ये है कि यह ऑफर उन्हीं के लिए है, जो कोरोना वायरस वैक्सीन की तीसरी डोज लगवा लेंगे। प्रिकॉशन डोज या बूस्टर डोज के प्रति आम लोगों की उपेक्षा को देखते हुए चंडीगढ़ के सामान्य से वेंडर ने यह ऑफर दिया है।

साइकिल पर चलाते हैं फुड स्टॉल
दरअसल, 45 साल के वेंडर संजय राणा प्रिकॉशन डोज के प्रति लोगों की उदासीनता से बहुत ही चिंतित हैं। उनका कहना है कि जो लोग बूस्टर डोज के लिए पात्र हो चुके हैं, वह इसे लगवाने के प्रति जागरूक नहीं हैं। राणा का एक साधारण सा फुड स्टॉल है और वह साइकिल पर लेकर छोले भटूरे बेचते हैं। उनके मुताबिक इस काम में वह 15 साल से भी ज्यादा समय से लगे हुए हैं। उन्होंने कहा है कि उनकी बेटी रिद्धिमा और भतीजी रिया ने पिछले साल उन्हें कोविड का टिका लगवाने वालों को फ्री में छोले भटूरे खिलाने वाला आइडिया दिया था।

पीएम मोदी भी संजय राणा की कर चुके हैं सराहना
25 जुलाई, 2021 को रेडियो पर प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित करने को लेकर संजय राणा की काफी तारीफ की थी। उन्होंने कहा था, 'संजय राणा जी के छोले-भटूरे का मुफ्त में स्वाद उठाने के लिए आपको दिखाना होगा कि आपने उसी दिन वैक्सीन ली है। आप जैसे ही उन्हें वैक्सीनेशन मैसेज दिखाएंगे, वो आपको तुरंत ही स्वादिष्ट छोले भटूरे देंगे।' पीएम मोदी ने उनकी सराहना करते हुए कहा था, 'कहा जाता है कि समाज की भलाई के लिए काम करने के लिए सेवा और कर्तव्य की भावना की आवश्यकता रहती है। हमारे भाई संजय इस बात को सही साबित कर रहे हैं।'

पिछली स्थिति से सबक लेनी चाहिए- छोले भटूरे दुकानदार
चंडीगढ़ के सेक्टर 29 में अपना फुड स्टॉल चलाने वाले संजय ने कोविड की तीसरी डोज की धीमी प्रगति को देखते हुए कहा है, 'जो लोग प्रिकॉशन डोज का सबूत दिखा देते हैं, उनको मैं उसी दिन मुफ्त छोले भटूरे दे रहा हूं।' राणा खुद तीसरी खुराक लगवा चुके हैं, लेकिन लोगों में इसके प्रति जागरूकता की कमी को देखकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा, 'सभी पात्र लोगों को आगे आना चाहिए और हिचकिचाना नहीं चाहिए। हम पहले ही देख रहे हैं कि देश के कई हिस्से में संक्रमण में तेजी आ गई है। हम उस समय का इंतजार क्यों करें, जब हालात नियंत्रण से बाहर हो जाए? अप्रैल-मई 2021 में जो स्थिति बन गई थी, उससे सबक लेना चाहिए।'

'इससे मुझे बहुत ही ज्यादा संतुष्टि मिलती है'
राणा ने कहा है कि पिछली बार उन्होंने मई से सात महीनों तक मुफ्त में छोले भटूरे खिलाए थे और इस बार भी वह कई हफ्तों तक इसे फ्री में खिलाने में संकोच नहीं करेंगे। उन्होंने अपने इस प्रयास के बारे में एक बहुत ही भावुक लेकिन गंभीर बात कही है। उन्होंने कहा, 'बचपन में मेरी सशस्त्र सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने की बहुत ही ज्यादा इच्छा थी। लेकिन, भाग्य ने मेरे लिए कुछ और ही तय कर रखा था। लेकिन, अब मैं कुछ अलग हटकर करना चाहता हूं, इससे मुझे बहुत ही ज्यादा संतुष्टि मिलती है।'

'सिर्फ 7,30,96,284 लगवाया है प्रिकॉशन डोज'
भारत में 10 अप्रैल से 18 और उससे ज्यादा उम्र के सभी लोगों के लिए कोविड-19 वैक्सीन के प्रिकॉशन डोज देने की शुरुआत की गई थी। 15 जुलाई को केंद्र सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर देश में 75 दिनों तक 18 या उससे अधिक उम्र के सभी लोगों को सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर पर मुफ्त में प्रिकॉशन डोज दिए जाने का अभियान शुरू करने का ऐलान किया। हाल ही में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा था कि देश में प्रिकॉशन डोज के कुल 68,97,62,152 पात्र लोगों में से सिर्फ 7,30,96,284 लोगों ने ही अबतक यह खुराक लगवाई है। (पीटीआई इनपुट के साथ)












Click it and Unblock the Notifications