Gold Silver Crash: सोने-चांदी में महा-भूकंप! एक ही झटके में 16,500 रुपये टूटी चांदी, सोना सस्ता ,क्या है वजह?
Gold And Silver Price Crash: सोना और चांदी खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए कमोडिटी मार्केट से एक बेहद चौंकाने वाली खबर आई है। ग्लोबल मार्केट में मची भारी उथल-पुथल के बीच भारतीय सर्राफा बाजार और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी के दाम ताश के पत्तों की तरह बिखर गए हैं।
शुक्रवार (05 जून) रात को जब बाजार बंद हुआ तो चांदी की कीमतों में 16,500 रुपये से ज्यादा की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की जा चुकी थी। वहीं, सोने का भाव भी करीब 4,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक टूट गया। इस तगड़ी गिरावट के बाद दिल्ली से लेकर मुंबई और बेंगलुरु तक घरेलू बाजारों में सोने-चांदी के गहने अचानक काफी सस्ते हो गए हैं।

MCX पर बंद होते-होते मची हाहाकार: जानिए अब क्या रह गए हैं भाव?
शुक्रवार (05 जून) रात को बाजार बंद होने तक वायदा बाजार में निवेशकों के बीच हड़कंप मचा रहा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव 3,947 रुपये की भारी कटौती के साथ 1,55,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, चांदी में तो जैसे सुनामी आ गई।
चांदी की कीमत एक ही दिन में 16,595 रुपये का गोता लगाकर 2,48,201 रुपये प्रति किलोग्राम पर आकर टिकी। जानकारों के मुताबिक, सोने और चांदी में एक ही दिन के भीतर इतनी बड़ी गिरावट हाल-फिलहाल में नहीं देखी गई है, और इस महा-क्रैश का सीधा कनेक्शन अमेरिका से जुड़ा हुआ है।
अचानक क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट? अमेरिका के इस डेटा ने बिगाड़ा खेल
अब सवाल उठता है कि आखिर रातों-रात ऐसा क्या हुआ कि कीमती धातुएं इस तरह औंधे मुंह गिर गईं? दरअसल, इसके पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण हैं:
- अमेरिका का मजबूत जॉब डेटा: अमेरिका में रोजगार के जो नए आंकड़े (जॉब डेटा) सामने आए हैं, वे अनुमान से कहीं ज्यादा बेहतर हैं। इसके कारण अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में जबरदस्त उछाल देखा गया, जिसने सोने की चमक को फीका कर दिया। इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड 3.2 फीसदी गिरकर 4,330.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि सिल्वर 7.1 फीसदी टूटकर 68.63 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई।
- ब्याज दरें बढ़ने का डर: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। कच्चे तेल की महंगाई पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ा सकती है। इसी खतरे को देखते हुए अमेरिकी फेडरल रिजर्व बैंक इस साल अपनी ब्याज दरों (इंटरेस्ट रेट) में बढ़ोतरी कर सकता है, जिससे निवेशकों ने सोने से पैसा निकालना शुरू कर दिया है।
बड़े शहरों में क्या हैं आज के रेट? दिल्ली-मुंबई का ताजा हाल देखिए
इंटरनेशनल मार्केट में मची इस हलचल का सीधा असर भारत के खुदरा सर्राफा बाजारों पर पड़ा है। देश के प्रमुख महानगरों में अब 22 कैरेट सोने की नई कीमतें कुछ इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 22 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,43,860 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है।
- मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अब 22 कैरेट गोल्ड का दाम 1,42,752 रुपये दर्ज किया गया है।
- चेन्नई: चेन्नई में सोने का भाव फिलहाल 1,45,525 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है।
- बेंगलुरु: आईटी सिटी बेंगलुरु में ग्राहकों को 22 कैरेट सोना 1,43,222 रुपये में मिल रहा है।
16-17 जून की बैठक पर टिकी नजरें: नए फेड चेयरमैन के फैसले से तय होगी आगे की चाल
आने वाले दिनों में सोने-चांदी के दाम किस करवट बैठेंगे, इसका फैसला 16-17 जून को होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अहम बैठक में होगा। इस बार बैठक की अध्यक्षता नए फेड चेयरमैन केविन वॉर्श करने जा रहे हैं। मार्केट एक्सपर्ट्स और ट्रेडर्स का अनुमान है कि फेडरल रिजर्व इस साल दिसंबर तक ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट्स की बढ़ोतरी कर सकता है।
वहीं अक्टूबर महीने में दरें बढ़ने की उम्मीद अब 60 फीसदी तक दिखाई दे रही है। दिलचस्प बात यह है कि इस मजबूत जॉब डेटा के आने से पहले बाजार को उम्मीद थी कि इस साल ब्याज दरें बिल्कुल नहीं बढ़ेंगी, लेकिन अब बदले हुए हालातों ने सोने और चांदी के बाजारों को पूरी तरह हिला कर रख दिया है।














Click it and Unblock the Notifications