22 साल तक कांग्रेस में रहने के बाद क्यों छोड़ी पार्टी?, असम CM हिमंत बिस्वा सरमा ने बताई चौंकाने वाली वजह
himanta biswa sarma News: 22 साल तक कांग्रेस में रहने के बाद असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने क्यों छोड़ी पार्टी, खुद बताई वजह।

Himanta Biswa Sarma News: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा मौजूदा वक्त में बीजेपी के फायर ब्रांड लीडर हैं। उन्होंने 22 साल तक कांग्रेस में रहने के बाद अपनी पुरानी पार्टी को छोड़कर बीजेपी से नाता जोड़ा और फिर असम में सरकार बनने पर सीएम की कुर्सी संभाली। ऐसे में खुद हिमंत बिस्वा सरमा ने खुलासा करते हुए कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने की वजह का खुलासा किया है।
दरअसल, इंडिया टीवी के शो 'आप की अदालत' में हिमंत बिस्वा सरमा ने इस बात का खुलासा करते हुए बताया कि आखिर वो क्या वजह थी, जिसके चलते उनको कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होना पड़ा। राहुल गांधी के साथ अपनी मीटिंग का किस्सा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उस दिन ऐसा क्या हुआ कि उनका कांग्रेस से मन उखड़ गया और फिर कभी राहुल गांधी से ना मिलने की ठान ली।
राहुल गांधी, मीटिंग और कुत्ते का किस्सा
हिमंत सरमा ने इंटरव्यू में बताया, "कांग्रेस के और नेताओं के साथ मुझको और असम के पीसीसी चीफ अंजन दत्ता को बुलाया था। हम रूम में गए। राहुल गांधी से बातचीत शुरू हुई। इतने में 5 मिनट बाद उनका कुत्ता आया और हमारी टेबल पर रखे चाय और बिस्किट को खाने लगा। तब मैंने देखा तो उसी टेबल पर बाकी के कांग्रेस नेता आराम से खा रहे थे। मैं ऐसे नहीं खा सकता। इसलिए मैंने कहा कि अब दोबारा नहीं आऊंगा।"
इससे पहले दिसंबर 2022 में एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में असम सीएम ने कहा था कि "मेरे जीवन के 22 साल कांग्रेस ने बर्बाद कर दिए। कांग्रेस में हम परिवार की पूजा करते थे। बीजेपी में हम देश की पूजा करते हैं।" बता दें कि कभी असम में कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सरमा ने साल 2015 में पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications