जानिए कौन हैं हमारे सबसे पढ़ाकू सांसद
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) अगर आप यह सोचते हैं कि हमारे सांसद कम पढ़ते हैं और संसद में शोर-शराबा ही मचाते हैं हैं तो आप गलत सोच रहे हैं। अभी भी बहुत से सांसद खूब पढ़ते हैं। ये संसद भवन के भीतर बनी बेहतरीन लाइब्रेयरी में जाकर नई-नई किताबें लेते हैं पढ़ने के लिए।

सबसे ज्यादा किताबें इशु करवाने वाले सांसदों में आजकल भाजपा के नेता लाल कृष्ण आडवाणी और जनता दल यूनाइटेड के राज्यसभा सांसद पवन कुमार वर्मा का नाम लिया जा सकता है।
भारत: गांधी के बाद
संसद लाइब्रेय़री के सूत्रों ने बताया कि आडवाणी जी ने हाल ही में रामचंद्र गुहा की चर्चित पुस्तक भारत: गांधी के बाद इशु करवाई। वे पहले तो लाइब्रेयरी में आकर स्टाफ से बात करते थे कि कौन-कौन सी नई किताबें आई। वे सलाह भी देते थे कि लाइब्रेयरी को कौन-कौन सी लेनी चाहिए।
उन्होंने कुछ समय पहले डोमीनिक लेपियर- लैरी कोलिंस की फ्रीडम एट मिडनाइट भी ली।इसमें भारत-पाकिस्तान का बंटवारे का खाका खींचा गया है। इस किताब की लगातार मांग रहती है लाइब्रेयरी में।
महाभारत से गालिब
इसी तरह से आईएफएस अफसर से जनता दल यूनाइटेड में आए पवन कुमार वर्मा ने बीते कुछ समय के दौरान महाभारत,दीवाने-ए-गालिब और नेहरु जी की लिखी डिस्कवरी आफ इंडिया ली।
सूत्रों का कहना है नए सांसदों में वे खूब पढ़ने वालों में हैं। भाजपा के सांसद उदित राज भी लाइब्रेयरी का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। वे दलितों के सवालों से लेकर आर्थिक मसलों की किताबें लेते हैं। वे लाइब्रेयरी कि क्लिपिंग सर्विस का भी लाभ उठाते हैं। यानी वे विभिन्न विषयों की क्लिपिंग भी लेते हैं। लाइब्रेयरी में सांसदों के लिए अनेक विषयों की क्लिंपिग भी बनती हैं। जैसे पेट्रोलियम, सांप्रादियक दंगे,महंगाई,विदेश नीति वगैरह।
डिस्कवरी आफ इंडिया
कांग्रेस के राज्य सभा सांसद राजीव शुक्ला भी लगातार लाइब्रेयरी में आने वालों में हैं। उन्होंने भी हाल ही में डिस्कवरी आफ इंडिया ली। यह किताब भारत के इतिहास एक मील का पत्थर मानी जाती है। नेहरु जी ने इसे जेल में रहते हुए लिखा था।
सूत्रों ने बताया कि राजीव शुक्ला ने कुछ समय पहले श्रीलाल शुक्ला का कालजयी उपन्यास राग दरबारी भी लिया था। हमारी ब्यूरोक्रेसी के चेहरे और चरित्र पर इतना बेहतरीन उपन्यास दूसरा नहीं मिलता। व्यंग्य और विनोद की शैली में लिखा यह बेजोड़ उपन्यास है।
थरूर और सिंधिया
फ्रीडम एट मिडनाइट को कुछ समय पहले भाजपा सांसद पूनम महाजन ने भी इशु करवाया था। वह भी अपने पिता प्रमोद महाजन की तरह बहुत पढ़ती है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर और ज्योतिरादियत्य सिंधिया भी खासे पढ़ने वाले सांसदों में हैं। दोनों ने हाल के दौर में आर.के. नारायण के उपन्यास The English Teacher को इशु करवाया।
नारायण ने इसे 1945 में लिखा था। वे इससे पहले दो उपन्यास और लिख चुके थे। एक तरह से ये पहले दोनों उपन्यासों से आगे की कथा सुनाता है। सूत्रों ने बताया कि पहले सांसद तो लाइब्रयरी में बहुत आते थे, पर अब बहुत से इस इंटरनेट के दौर में कम आते हैं। फिर सबने अपनी निजी लाइब्रेयरी भी बना ली है।लाइब्रेयरी में पूर्व सांसद कपिल सिब्बल, सैयद शहबुद्दीन,जगमोहन भी नियमित रूप से आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications