अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा में उठाया लद्दाख-मालदीव का मुद्दा, रक्षा मंत्री राजनाथ ने दिया जवाब
Parliament Budget Session: संसद के बजट सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के जवाब के दौरान लद्दाख और मालदीव का मुद्दा उठाया, जिस पर जवाब देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई।
लोकसभा में अधीर रंजन चौधनी ने धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के जवाब के दौरान लद्दाख की स्थिति के लिए रक्षा मंत्री से सवाल किया और दावा किया कि लद्दाख के बहुत बड़े इलाके पर कब्जा कर लिया गया है।

'मोदी सरकार अपनी चीन नीति में विफल'
सोमवार को लोकसभा में बोलते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने कहा कि आज चीन के हौसले बुलंद हैं और मोदी सरकार अपनी चीन नीति में विफल हो गई है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि "राष्ट्रपति के अभिभाषण में सुरक्षा चिंताओं पर एक शब्द भी नहीं कहा गया। लद्दाख में स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। मैं हमारे रक्षा मंत्री से पूछना चाहता हूं कि कृपया हमें बताएं कि लद्दाख में स्थिति क्या है। आपने कहा था कि स्थिति बहाल की जाएगी।"
'अरुणाचल से लेकर लद्दाख तक स्थिति बिगड़ रही'
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि लद्दाख की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। 2000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा किया जा रहा है। आज वहां चरवाहा नहीं जा पा रहे हैं। कृपया लद्दाख के लोगों से पूछें कि ऐसा क्यों हो रहा है। आप चुप क्यों बैठे हैं? अरुणाचल से लेकर लद्दाख तक स्थिति बिगड़ रही है।
चौधरी ने आगे कहा, "जब गलवान की घटना हुई तो आपने सर्टिफिकेट दिया कि हमारे यहां कोई नहीं घुसा। 2014 से अब तक आपकी सरकार चीन नीति में विफल रही है।"
राजनाथ सिंह ने दिया जवाब
जैसे ही लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने लद्दाख और मालदीव के मुद्दे उठाए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तुरंत हस्तक्षेप किया और एलएसी से संबंधित कांग्रेस नेता की टिप्पणियों पर असहमति व्यक्त की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "इन्होंने (अधीर रंजन चौधरी) चीन और LAC के संबंध में जो कुछ भी कहा, मैं उससे असहमति व्यक्त करता हूं। मैं इसकी निंदा करता हूं। "
अधीर रंजन चौधरी के बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "मैं सदन को आश्वस्त करना चाहूंगा कि भारत अब कमजोर नहीं है। भारत मजबूत हो गया है। अगर कोई भारत पर आंख उठाने की हिम्मत करता है, भारत के पास माकूल जवाब देने की क्षमता और ताकत है। संसद के मंच पर देश को बेवजह बदनाम नहीं किया जाना चाहिए।" अधीर ने आगे कहा कि कांग्रेस देश की सुरक्षा के लिए सरकार के साथ खड़ी है।












Click it and Unblock the Notifications