अदाणी एयरपोर्ट्स की बड़ी कामयाबी: दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स में शामिल हुए भारत के ये दो हवाई अड्डे
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी के दो एयरपोर्ट्स को प्रतिष्ठित 'प्रिक्स वर्सेल्स वर्ल्ड्स मोस्ट ब्यूटीफुल एयरपोर्ट्स लिस्ट 2026' में शामिल किया गया है। यह सम्मान विश्व स्तरीय एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भारत की बढ़ती धमक को दर्शाता है।

यह खास पहचान नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) और गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LGBIA) के टर्मिनल 2 को मिली है। इन दोनों ही एयरपोर्ट्स का संचालन अदाणी एयरपोर्ट्स (AAHL) के पास है। हर साल दिए जाने वाले प्रिक्स वर्सेल्स अवॉर्ड्स आर्किटेक्चर और डिजाइन में उत्कृष्टता के लिए दिए जाते हैं। इसमें उन प्रोजेक्ट्स को चुना जाता है जो इनोवेशन, सस्टेनेबिलिटी, सांस्कृतिक पहचान और यात्रियों के शानदार अनुभव का बेजोड़ मेल पेश करते हैं। सोमवार को इस उपलब्धि की घोषणा करते हुए अदाणी एयरपोर्ट्स ने कहा कि यह सम्मान अगली पीढ़ी के ऐसे एयरपोर्ट्स बनाने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो आर्थिक विकास, पर्यटन और क्षेत्रीय उन्नति में योगदान दे सकें।
साल 2015 से पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में हर साल प्रिक्स वर्सेल्स अवॉर्ड्स दिए जाते हैं। यह दुनिया भर में समकालीन वास्तुकला (आर्किटेक्चर) की बेहतरीन उपलब्धियों को मान्यता देता है। एविएशन सेक्टर में यह अवॉर्ड उन नए एयरपोर्ट्स और टर्मिनल्स को मिलता है जो कार्यक्षमता, खूबसूरती और पर्यावरण के अनुकूल होने का सफल संतुलन बनाते हैं। अवॉर्ड कमेटी के मुताबिक, चुने गए एयरपोर्ट्स इस बात का उदाहरण हैं कि कैसे आधुनिक एविएशन हब अब केवल यात्रा के पड़ाव नहीं रह गए हैं, बल्कि वे एक ऐसे लैंडमार्क बन रहे हैं जो यात्रियों को एक समृद्ध और यादगार अनुभव देते हैं।
कमल के फूल से प्रेरित नवी मुंबई एयरपोर्ट के डिजाइन की तारीफ
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 को इसके खास 'लोटस इंस्पायर्ड' (कमल से प्रेरित) आर्किटेक्चर और भविष्यवादी डिजाइन के लिए सराहा गया है। यहां तकनीक, कला और उपयोगिता का बेहतरीन तालमेल दिखता है। इस एयरपोर्ट को एक आधुनिक गेटवे के रूप में डिजाइन किया गया है, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती ताकत को दिखाने के साथ-साथ यात्रियों को वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं भी देता है।
गुवाहाटी टर्मिनल में दिखेगी पूर्वोत्तर की जैव विविधता
गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 को 'बैंबू ऑर्किड' से प्रेरित डिजाइन के लिए पहचान मिली है, जो इस क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का प्रतीक है। इस टर्मिनल का डिजाइन सस्टेनेबिलिटी और उपयोगिता को जोड़ता है। इसमें ऐसे प्राकृतिक तत्वों का इस्तेमाल किया गया है जो यात्रियों को पूर्वोत्तर भारत की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
2026 की लिस्ट में शामिल अन्य एयरपोर्ट्स
प्रिक्स वर्सेल्स 2026 की इस लिस्ट में दुनिया के अन्य प्रमुख एयरपोर्ट्स और टर्मिनल्स भी शामिल हैं:
- ग्वांगझू, चीन
- फ्रैंकफर्ट एम मेन, जर्मनी
- कंदल स्टुअंग, कंबोडिया
- पिट्सबर्ग, अमेरिका
- सैन डिएगो, अमेरिका
प्रिक्स वर्सेल्स अवॉर्ड्स 'इंटेलिजेंट सस्टेनेबिलिटी' के विचार को बढ़ावा देते हैं, जहां आर्किटेक्चर पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के बीच संतुलन बनाता है।
इस साल के अंत में, 2026 की शॉर्टलिस्ट में शामिल तीन एयरपोर्ट्स या टर्मिनल्स को प्रिक्स वर्सेल्स, इंटीरियर और एक्सटीरियर कैटेगरी में सर्वोच्च सम्मान से नवाजा जाएगा। इस ताजा उपलब्धि ने अदाणी एयरपोर्ट्स को एयरपोर्ट डिजाइन के मामले में ग्लोबल लीडर्स की कतार में खड़ा कर दिया है और एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर के भविष्य को आकार देने में भारत के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया है।












Click it and Unblock the Notifications