यामी गौतम ने डायरेक्टर आदित्य से रचाई शादी, सामने आई पहली तस्वीर
मुंबई, 4 जून: फिल्म एक्ट्रेस यामी गौतम ने शादी कर ली है। शुक्रवार को एक छोटे, निजी समारोह में उन्होंने निर्देशक आदित्य धर से शादी की है। यामी ने अपनी और आदित्य की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए शादी की जानकारी दी है। यामी बॉलीवुड में कई हिट फिल्मों में एक्टिंग कर चुकी हैं। वहीं आदित्य धर को फिल्म 'उरी' के निर्देशक के तौर पर पहचाना जाता है।

यामी ने शादी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की
यामी गौतम ने शादी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, अपने परिवारों के आशीर्वाद से आज हमने शादी कर ली है। एक बहुत निजी समारोह में हमने शादी की है। सिर्फ परिवार के लोगों और कुछ खास लोग ही आए थे। हम इस नई शुरुआत पर आप सबसे आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं। यामी गौतम ने जो तस्वीर शेयर की है। उसमें वो लाल जोड़े में हैं तो आदित्य धर ने सफेद रंग की शेरवानी और पगड़ी पहने हुए हैं।

यामी की शादी ने फैंस को चौंकाया
यामी ने शादी की तस्वीर शेयर करते हुए जो जानकारी दी है, उसने उनके फैंस को चौंका दिया है। यामी गौतम ने 'उरीः द सर्जिकल स्ट्राइक' में साथ काम किया था। यामी फिल्म में एक्टिंग कर रही थीं और आदित्य धर इसके डायरेक्टर थे। इस फिल्म में काम करते हुए ही दोनों करीब आए, हालांकि दोनों ने कभी अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा। ऐसे में जब आज शादी की खबर आई तो फैंस चौंक गए। सोशल मीडिया पर लगातार यामी को बधाई संदेश मिल रहे हैं।

सफल अभिनत्री की है यामी की पहचान
यामी गौतम की पहचान हाल के सालों में एक सफल अभिनेत्री की बनी है। साथ ही यामी मॉडल भी हैं। बॉलीवुड में उनकी शुरूआत फिल्म 'विकी डोनर' से हुई था जिसमें उनके साथ आयुष्मान खुराना थे। हिन्दी फिल्मों और टीवी के अलावा उन्होंने पंजाबी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ भाषाओं में भी फिल्में की हैं।












Click it and Unblock the Notifications