कोरोना वायरस से जंग में आगे आईं शिल्पा शेट्टी, पीएम राहत कोष में इतनी रकम दान की
नई दिल्ली। पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस (कोविड-19) से जंग लड़ रही है। इस महामारी के फैलाव को रोकने के लिए भारत में 21 दिनों का लॉकडाउन लगा हुआ है। इस खतरनाक वायरस के खिलाफ जंग में आम आदमी से लेकर बॉलीवुड की हस्तियां तक दिल खोलकर दान दे रही हैं। इस मुहिम में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी शामिल हुईं। शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा ने मिलकर प्रधानमंत्री राहत कोष में 21 लाख रुपये की रकम जमा करवाई है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करके दी है।

'चलिए हम अपना काम करें'
शिल्पा शेट्टी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'इंसानियत के लिए, हमारे देश और नागरिकों को जिन्हें हमारी जरूरत है, अब समय है, चलिए हम अपना काम करें। राज कुंद्रा और मैं पीएम (PM Modi) राहत कोष में 21 लाख रुपये दान करने की प्रतिज्ञा करते हैं। सागर में हर बूंद मायने रखती है, इसलिए मैं आप सभी से इस स्थिति से लड़ने में मदद करने का आग्रह करती हूं।' शिल्पा शेट्टी के इस ट्वीट पर लोग खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
अन्य हस्तियों ने भी किया दान
इससे पहले अभिनेता अक्षय कुमार, भूषण कुमार, कपिल शर्मा, मनीष पॉल और कई बड़ी हस्तियां पीएम के राहत कोष में दान दे चुकी हैं। बाहुबली फिल्म स्टार प्रभास ने 4 करोड़ रुपये, पवन कल्याण ने 2 करोड़, महेश बाबू ने 1 करोड़, अलु अर्जुन ने 25 लाख, राम चरण ने 70 लाख और रजनीकांत ने दिहाड़ी मजदूरों की मदद के लिए 50 लाख रुपये दान किए हैं। यही नहीं कमल हासन ने तो अपने घर को ही अस्पताल बनाने की पेशकश कर दी है। वहीं, टेलीविजन क्षेत्र से कपिल शर्मा ने 50 लाख रुपये दान किए हैं।

भारत में 1024 हुई संक्रमित लोगों की संख्या
बता दें भारत सहित पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। चीन के वुहान शहर से फैलने शुरू हुए इस वायरस ने यूरोपीय और पश्चिमी देशों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। कोरोना वायरस से दुनियाभर में अभी तक करीब 33,976 लोगों की मौत हो गई है। जबकि दुनियाभर में बीमारी से संक्रमित होने वालों की संख्या 722,088 हो गई है। वहीं भारत में अभी तक संक्रमित मामलों की संख्या 1024 हो गई है, जबकि इस महामारी से 27 लोगों की मौत भी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications