फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' की शूटिंग के दौरान सहना पड़ा था 'वो सब', दीया मिर्जा ने खोला राज
एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के अंदर सेक्सिज्म को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है...
नई दिल्ली: हाल ही अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में रहीं बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के अंदर सेक्सिज्म को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। दीया मिर्जा ने कहा कि 2001 में आई उनकी फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' के दौरान भी उन्हें सेक्सिज्म का सामना करना पड़ा था। गौरतलब है कि दीया मिर्जा ने फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' के जरिए ही बॉलीवुड की दुनिया में कदम रखा था। एक इंटरव्यू के दौरान दीया मिर्जा ने कहा कि हम एक पुरुष प्रधान समाज में रहते हैं और फिल्म इंडस्ट्री में सेक्सिज्म को पुरुषों की तरफ से ही बढ़ावा मिलता है।

'मैं ऐसे लोगों के साथ ही एक्टिंग कर रही थी'
ब्रूट इंडिया को दिए इंटरव्यू के दौरान दीया मिर्जा ने बताया, 'लोग सेक्सिस्ट सिनेमा लिख रहे थे, सोच रहे थे और मैं इन कहानियों का एक हिस्सा थी... फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' में भी सेक्सिज्म रहा... मैं ऐसे लोगों के साथ ही एक्टिंग कर रही थी। यह पागलपन है। मैं आपको कुछ छोटे उदाहरण देती हूं। एक मेकअप आर्टिस्ट केवल एक पुरुष ही हो सकता है, महिला नहीं। एक हेयर ड्रेसर महिला ही होगी।'

'लोगों को सेक्सिज्म से भरी अपनी सोच का अंदाजा ही नहीं'
दीया मिर्जा ने आगे कहा, 'जब मैंने फिल्मों में काम करना शुरू किया, तो 120 से ज्यादा क्रू मेंबर की यूनिट में केवल 4 या 5 महिलाएं होतीं थी। कभी-कभी यूनिट में 180 तक लोग होते थे। दरअसल हम एक पितृसत्तात्मक समाज में रहते हैं और ये वो इंडस्ट्री है, जिसका नेतृत्व काफी हद तक पुरुषों के हाथ में है। इसलिए, यहां एक प्रचंड सेक्सिज्म है। और, मुझे लगता है कि फिल्म इंडस्ट्री का एक बड़ा हिस्सा इस सेक्सिज्म के बारे में जागरूक ही नहीं है, क्योंकि यहां बहुत सारे ऐसे पुरूष हैं, जो लेखक हैं...निर्देशक हैं...एक्टर हैं, लेकिन जिन्हें अपनी सेक्सिज्म से भरी सोच का अंदाजा ही नहीं है।'

फरवरी में की थी दीया मिर्जा ने शादी
दीया मिर्जा ने इस साल की शुरुआत में ही वैभव रेखी से शादी की थी और दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुईं थी। शादी के बाद जब दोनों हनीमून के लिए मालदीव गए तो दीया मिर्जा ने एक फोटो शेयर करते हुए इस बात की भी जानकारी दी कि वो मां बनने वाली हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने लिखा कि दीया मिर्जा शादी से पहले ही प्रेगनेंट थी और इसी वजह से उन्होंने शादी की, जिसपर एक्ट्रेस ने इन लोगों को करारा जवाब दिया।

'प्रेगनेंसी की वजह से नहीं की शादी'
दीया मिर्जा ने इस मामले पर जवाब देते लिखते हुए कहा, 'पहली बात, हम दोनों ने इस वजह से शादी नहीं की, क्योंकि मैं मां बनने वाली थी। हम पहले ही शादी करने का फैसला ले चुके थे, क्योंकि हम दोनों अपनी लाइफ साथ गुजारना चाहते थे। बच्चे के बारे में हमें उस वक्त पता चला, जब हम शादी की प्लानिंग कर रहे थे। इसलिए, ये शादी प्रेगनेंसी की वजह से नहीं है।'

'महिलाओं को अपने फैसले लेने का हक'
दीया मिर्जा ने अपने जवाब में आगे लिखा, 'हम दोनों ने उस वक्त तक प्रेगनेंसी के बारे में नहीं बताया, जब तक हमें ये पता नहीं चल गया कि बेबी सुरक्षित है। ये मेरे जीवन की सबसे बड़ी खुशी की खबर है। इस खुशी को पाने के लिए मैंने कई-कई साल तक इंतजार किया है। मेडिकल कारणों के अलावा ऐसी कोई वजह नहीं, जिसके लिए मैं इस खुशी को छिपाऊंगी। महिलाओं को अपने फैसले लेने का हक है। हम अकेले रहना चाहते हैं, शादी करना चाहते हैं या मां बनना चाहते हैं, ये हमारा फैसला है।'

दीया जीत चुकी हैं मिस एशिया पैसिफिक का खिताब
आपको बता दें कि अपनी एक्टिंग के जरिए फिल्मों में अलग पहचान बनाने वालीं दीया मिर्जा सन 2000 में मिस एशिया पैसिफिक का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' के अलावा दीया मिर्जा ने संजू, परिणीता, हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड और लव ब्रेकअप जिंदगी जैसी चर्चित फिल्मों में भी काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications