8 महीने की दोस्ती के बाद पुनीत ने अश्विनी को किया था प्रपोज लेकिन 6 महीने बाद घरवालों ने दी थी शादी की इजाजत
बेंगलुरु, 29 अक्टूबर। आज सैंडलवुड की एक दुखद खबर ने पूरे फिल्म जगत को हिलाकर रख दिया है। शुक्रवार को कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुनीत को आज सुबह जिम में एक्सरसाइज करते हुए सीने में दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन बचा नहीं पाए।

पुनीत राजकुमार का निधन, सदमे में लोग
पुनीत को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किए जाने की खबर सुनते ही उनके फैंस ऊपर वाले से उनकी उम्र की दुआ मांग रहे थे लेकिन जैसे ही उन्होंने अपने सुपरस्टार के निधन की खबर सुनी, वो अपने आप को रोक नहीं पाए और इस वक्त फैंस की भारी संख्या विक्रम अस्पताल के सामने एकत्र हैं। लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वक्त विक्रम अस्पताल के बाहर अतिरिक्त पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है और यही नहीं बेंगलुरु समेत पूरे कर्नाटक में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
कन्नड़ सुपरस्टार डॉ राजकुमार के सबसे छोटे बेटे और केएफआई शिवराज कुमार के छोटे भाई पुनीत मात्र 46 वर्ष की उम्र में इस तरह से दुनिया को अलविदा कह देंगे, ये किसी ने स्वप्न में भी नहीं सोचा था। फिल्मी दुनिया में 'अप्पू' के नाम से लोकप्रिय सुपरस्टार पुनीत अपने पीछे अपनी पत्नी अश्विनी रेवंत और दो बेटियों द्रिथि और वंदिता को छोड़ गए।

पुनीत ने बताई थी दिल की बात
एक हंसता-खेलता परिवार आज एकदम से उजड़ गया है। स्वभाव से बेहद हंसमुख पुनीत वैसे तो अपनी फैमिली को मीडिया से दूर रखते थे लेकिन कुछ वक्त पहले उन्होंने एक इंटरव्यू में अपनी लवलाइफ के बारे में खुलकर बात की थी।
पुनीत- अश्विनी की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए होगी
पिछले 21 सालों से एक-दूसरे संग साए की तरह रहने वाले पुनीत और अश्विनी की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए एक इंवेट में साल 1966 में हुई थी। दोनों में जान-पहचान बढ़ी और फिर दोस्ती हो गई। लगभग आठ महीने बाद पुनीत को एहसास हुआ कि 'यही है वो लड़की, जो उनकी हमसफर बन सकती है और इसके बाद पुनीत ने चिकमगलुरु निवासी अश्विनी को प्रपोज कर दिया।' अश्विनी को भी पुनीत से मोहब्बत हो चुकी थी और उन्होंने भी पुनीत को हां कहने में देर नहीं की।

6 महीने बाद घरवालों ने दी थी शादी की इजाजत
पुनीत के परिवार ने उनकी पसंद को तुरंत स्वीकार कर लिया लेकिन अश्विनी के परिवार वालों को ये रिश्ता स्वीकारने में थोड़ा वक्त लगा और उन्होंने दोनों के रिश्ते को हरी झंडी देने में पूरे 6 महीने लगा दिए लेकिन पुनीत और अश्विनी दोनों ने अपने परिवार का मान रखा था और परिवार वालों के दिल से राजी होने पर ही शादी की।
जुदा हो गया परफेक्ट कपल
दोनों सैंडलवुड के परफेक्ट कप्लस में से एक कहे जाते थे लेकिन प्रेम-समर्पण की ये खूबसूरत जोड़ी आज टूट गई क्योंकि पुनीत ने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।












Click it and Unblock the Notifications