इरफान खान के बेटे की पोस्ट वायरल, जानिए भगवान के पास जाकर अभिनेता ने क्या कहा
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान (Irrfan Khan) का 29 अप्रैल को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। उन्होंने महज 53 साल की उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह दिया। वह दुनिया में बेशक नहीं हैं लेकिन अपनी फिल्मों के जरिए हमेशा फैंस के दिलों में बने रहेंगे। इरफान बीते करीब ढाई साल से कैंसर से लड़ रहे थे। उनकी मौत से न केवल उनके परिवार को बल्कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को भी झटका लगा है। इरफान खान की मौत के बाद उनके बेटे बाबिल खान (Babil Khan) ने एक पोस्ट की है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।

भगवान से क्या कह रहे हैं इरफान?
इस तस्वीर को इरफान खान (Irrfan Khan) के बेटे बाबिल (Babil Khan) ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है, तस्वीर में इरफान भगवान के सामने खड़े हुए हैं। इस तस्वीर में इरफान भगवान से कह रहे हैं, 'आप मुझे एक बेहतरीन स्क्रिप्ट दिखा सकते हैं।' बाबिल की इस पोस्ट पर लोग खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बता दें अभिनेता इरफान खान के निधन के बाद हर कोई सदमे में है और उनका परिवार इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है।

परिवार ने निधन के बाद क्या कहा?
एक दिन पहले ही इरफान की पत्नी सुतापा और दोनों बेटों बाबिल, अयान की ओर से एक आधिकारिक बयान आया है। ये बयान इरफान के ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया। इरफान के परिवार की ओर से बयान में कहा गया है, 'हम इसे पारिवारिक बयान कैसे लिखें, जबकि पूरी दुनिया इसे व्यक्तिगत नुकसान मान रही है? हम अकेला कैसे महसूस कर सकते हैं जब लाखों लोग हमें सांत्वना दे रहे हैं और हमारे साथ खड़े हैं? सबको बताना चाहते हैं कि हमने कुछ खोया नहीं है हमने पाया है। हमने पाया है जो हमने उनसे सीखा है।'
लंदन से लौटने के बाद फिल्म की शूटिंग की थी
इरफान को साल 2018 में पता चला था कि वह न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीड़ित हैं। इस बीमारी के इलाज के लिए इरफान खान लंदन भी गए थे और करीब सालभर इलाज कराने के बाद वापस भारत लौटे। अपने इलाज के कारण वह काफी दिनों तक बॉलीवुड से भी दूर रहे। हालांकि लंदन से स्वस्थ होकर लौटने के बाद उन्होंने बॉलीवुड में वापसी की और अंग्रेजी मीडियम की शूटिंग भी की थी। इरफान खान के पार्थिव शरीर को बुधवार को वर्सोवा के कब्रिस्तान में दफनाया गया है। लॉकडाउन के कारण उनकी अंतिम विदाई में केवल 20 लोग ही शामिल हो पाए थे।












Click it and Unblock the Notifications