एजाज खान का निरहुआ पर तंज, लगता है EVM गायब करने का प्लान पहले से पता था
नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर एजाज खान ने आजमगढ़ से चुनाव लड़ रहे दिनेश लाल यादव निरहुआ के उस बयान पर तंज कसा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भगवान भी मुझे नहीं हरा सकता। एजाज खान ने कहा है कि लगता है निरहुआ को ईवीएम के गायब होने का पहले से पता था। बीते तो-तीन दिनों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ईवीएम ले जा रही गाड़ियां मिलने और ईवीएम गायब होने की खबरें आई हैं। इसी को लेकर एजाज खान ने ट्वीट कर ये बात कही है।
एजाज ने किया ट्वीट
एजाज खान ने ट्वीट किया, मुझे लगता है कि EVM गायब करने का प्लान निरहुआ को पहले पता था, तभी तो कह रहा था कि मुझे भगवान भी नहीं हरा सकते..?? बिग बॉस में शिरकत कर चुके एजाज खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। उनके इस ट्वीट पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

क्या बोले थे निरहुआ
भोजपुरी एक्टर निरहुआ आजमगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। उनके सामने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान एक टीवी चैनल ने उनसे सवाल किया थास कि आखिर वो अखिलेश यादव जैसे बड़े नेता के सामने कैसे मजबूती से लड़ पाएंगे और हार गए तो क्या फिर भी आजमगढ़ में रहेंगे। इस पर निरहुआ ने कहा था कि वो तकदीर के लिखे को भी मिटा देते हैं, ऐसा कोई पैदा नहीं हुआ जो उनको हरा सके।

23 मई को आएंगे चुनाव नतीजे
देश में 17वीं लोकसभा के लिए हुए आम चुनाव में सात चरण में वोटिंग हुई है। पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्यों की 91 सीटों पर वोटिंग हुई, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 13 राज्यों की 97 सीटों पर, तीसरे चरण में 23 अप्रैल को 14 राज्यों की 115 सीटों पर, चौथे चरण में 29 अप्रैल को 9 राज्यों की 71 सीटों पर, पांचवें चरण में 6 मई को 7 राज्यों की 51 सीटों पर, छठे चरण में 12 मई को 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। वहीं सातवें और आखिरी फेज में 19 मई को 59 सीटों पर वोटिंग हुई। नतीजे 23 मई को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications