PNB Scam पर एजाज खान का ट्वीट, नीरव मोदी खुश रहना, तुम्हारा कर्ज हम चुका देंगे
नई दिल्ली। अक्सर अपने तीखे बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले एक्टर एजाज खान ने पीएनबी घोटाले के लिए नीरव मोदी, पंजाब नेशनल बैंक और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। एजाज खान ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि बाबर ने विदेशी होते हुए भी लूट का माल इसी देश में खर्च किया, जबकि नीरव मोदी और माल्या भारतीय हैं और दोनों देश का खजाना लूटकर फरार हो गये, लेकिन देशभक्ति के ठेकेदार इन्हें देशद्रोही नहीं कहेंगे।

देशभक्ति के ठेकेदार नीरव को नहीं कहेंगे देशद्रोही
एजाज खान ने ट्वीट किया, 'बाबर विदेशी था, बाहर से आया, देश को लूटा, फिर उस लूटे हुए पैसे को भारत के अवाम पर ही खर्च कर दिया। उसके बावजूद भी वह देशद्रोही है। नीरव मोदी और माल्या भारतीय हैं, दोनों ने भारत का खजाना लूटा और लूटकर विदेश भाग गये, लेकिन देशभक्ति के ठेकेदार इनको देशद्रोही भी नही कहेंगे.'

मोदी जी खुश रहना
एजाज खान ने नीरव मोदी के देश से भागने पर व्यंग्य करते हुए ट्वीट किया, 'नीरव मोदी जी, आप जहां भी हो खुश रहना, खूब तरक्की करना, और कर्जे की चिंता बिल्कुल मत करना, वो तो बैंक वाले हम लोगों से पचास-पचास, सौ-सौ रुपये करके वसूल ही लेंगे, अभी माल्या साहब का कर्जा चुका रहे हैं, फिर तुम्हारा भी चुका देंगे, हम लोगो को तो आदत है इस सब की।'

कई बॉलीवुड हस्तियों ने कसा तंज
देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले को लेकर ऋषि कपूर, ऋता चड्ढा समेत कई बड़ी फिल्मी हस्तियों ने सरकार और नीरव मोदी पर गुस्सा जाहिर किया। ऋषि कपूर ने ट्विटर पर नीरव और बैंकों को लताड़ते हुए लिखा, 'मेरी समझ नहीं आ रहा है कि बैंक 2011 से किसी को 11,300 करोड़ का लोन दे रही है और इसकी कोई जांच नहीं हुई? इससे यही सिद्ध होता है कि चमकने वाली हर चीज सोना नहीं होती। अभी तो कई और गड़े मुर्दे सामने आना बाकी हैं।' ऋचा ने ट्वीट किया, 'हम 30.9% इनकम टैक्स और सभी खरीदी हुई चीजों पर 18% जीएसटी और वैट देते हैं लेकिन नीरव मोदी 11000 करोड़ लेकर निकल गया। मेरा चार्टड अकाउंटेंट इस बात से बिल्कुल खुश नहीं होगा।' ऋचा ने आगे लिखा कि हम आखिर टैक्स क्यों दें ताकि कोई इसे चुरा के फिर से भाग जाए। उन्होंने नीरव मोदी और विजय माल्या, दोनों को चोर भी कहा।












Click it and Unblock the Notifications